शहर

BMC का अल्टीमेटम, आज नहीं चुकाया पानी का बकाया बिल तो कट जाएगा कनेक्शन

बीएमसी ने पानी बिल बकायेदारों को आज यानी 31 मार्च तक अपना बिल जमा करने की चेतावनी दी है। जिसके बाद पानी सप्लाई काट दी जाएगी। बीएमसी ने खराब या बिना रीडिंग वाले मीटर पर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं, ऐसी स्थिति में दोगुना चार्ज देना होगा।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

मुंबई में बढ़ती गर्मी और पानी के बकाया बिलों की समस्या को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सख्त रुख अपनाया है। BMC ने पानी बिल बकायेदारों को 31 मार्च तक अपना बिल भरने का अल्टीमेटम दिया है। जिसके बाद उनके पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। नगर निगम ने इसको लेकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में नोटिस भी चिपकाए गए हैं, ताकि लोग समय रहते अपने बकाया बिल को जमा कर दें।

31 मार्च तक बिल भरें नहीं तो कटेगा पानी

BMC के अधिकारियों के अनुसार, कई हाउसिंग सोसायटी और खासतौर पर झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में पानी के बिल लंबे समय से बकाया रहते हैं। कुछ स्लम एरिया में तो सिर्फ 50% लोग ही बिल चुकाते हैं। इसी वजह से अब सख्ती बरतते हुए प्रशासन ने डिफॉल्टर्स के लिए अंतिम चेतावनी जारी की है, ताकि सभी लोग समय पर भुगतान करें और पानी की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहे।

खराब मीटर पर लगेगा डबल चार्ज

BMC ने पानी के मीटर से जुड़े नियमों को भी और सख्त कर दिया है। लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने पानी के मीटर सही स्थिति में रखें। अगर किसी का मीटर खराब पाया जाता है और उसे 6 महीने के अंदर ठीक नहीं कराया गया, तो उस उपभोक्ता को दोगुना बिल चुकाना पड़ सकता है। हालांकि, मीटर की मरम्मत या बदलने के दौरान अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इन लोगों को भी देना होगा डबल चार्ज

नए नियमों के तहत अगर किसी जगह पर मीटर पढ़ने में दिक्कत आती है, जैसे मीटर चोरी हो गया हो या उसे जानबूझकर छिपाया गया हो, तो ऐसे मामलों में भी अधिक शुल्क लिया जाएगा। BMC का कहना है कि यह कदम बिल वसूली को बेहतर बनाने और पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, ये संशोधित नियम 1 जुलाई 2025 से लागू हैं, लेकिन अब भी कई उपभोक्ता नए नियमों से अनजान हैं। इसलिए बीएमसी ने सभी नागरिकों और हाउसिंग सोसायटी से अपील की है कि वे समय पर बिल का भुगतान करें और मीटर को दुरुस्त रखें। बीएमसी के इस फैसले का कई स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे पानी की बर्बादी रुकेगी और गर्मियों में होने वाली पानी की किल्लत से भी राहत मिल सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article