Yamunanagar Firing Case: यमुनानगर में इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की फैक्ट्री पर देर रात अंधाधुंध फायरिंग हुई। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए और कई राउंड गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। ताबड़तोड़ गोलियों से फैक्ट्री का गेट बुरी तरह से छलनी हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल वारदात की वजह सामने नहीं आई है।
बदमाशों ने गेट पर की 8 राउंड फायरिंग
फायरिंग की घटना रात करीब 10 बजे जठलाना इलाके में स्थित फैक्ट्री के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक दोनों बदमाशों ने चेहरा ढका हुआ था और उनके हाथों में हथियार थे। आरोपियों ने फैक्ट्री के सामने पहुंचते ही गेट पर करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं। यह फायरिंग इतनी तेज थी कि गोलियां गेट को पार करते हुए अंदर खड़े ट्रक तक पहुंच गईं। इस वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
हमलावरों की तलाश CCTV फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और एसपी कमलदीप गोयल ने भी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस को मौके से गोलियों के 8 खोल भी बरामद हुए हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी है। मामले की जांच फैक्ट्री की पार्टनरशिप एंगल से भी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
