लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, राज्य के 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाले 1.43 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राएं सामूहिक योग सत्रों में भाग लेंगे। कार्यक्रम में छात्रों के साथ शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अभिभावियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत 78 हजार से अधिक छात्राएं भी योगाभ्यास करेंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दिल्ली में ताली-थाली बजाकर CJP का विरोध प्रदर्शन; अभिजीत दीपके बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक नहीं छोड़ेंगे जंतर-मंतर
सीएम के निर्देश में योग दिवस को सफल बनाने की कवायत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में बेसिक शिक्षा विभाग ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयुष मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विभाग का उद्देश्य योग दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाना है। इसके तहत स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और योग के महत्व पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
सरकार ने अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को भी प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है, ताकि योग का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंच सके। राज्य सरकार का कहना है कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे स्वस्थ जीवनशैली का आधार बनाने के प्रयासों के तहत यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही यह कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में भी सहायक बनेगा।
