CJP Delhi Protest: युवाओं के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर दूसरी बार विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान, सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने तक जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन को जारी रखने के लिए अनुमति बढ़ाने का अनुरोध किया।
विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जुटे युवा
सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में कथित परीक्षा अनियमितताओं, बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और पार्टी के समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी की और पारदर्शी परीक्षाएं सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने में सरकार के कथित तौर पर विफल रहने को लेकर पोस्टर लहराए।
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के लगे नारे
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर समर्थक थाली और चम्मच लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारी थाली और चम्मच बजाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे भी लगाए और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की अपनी मांग दोहराई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ओडिशा को 47,000 करोड़ की सौगात; PM मोदी बोले- पहाड़पुर सूर्यग्राम की बनेगा पहचान; लोगों को मुफ्त मिलेगी बिजली
दीपके के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने पर भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम यहां छात्रों की समस्याओं का समाधान करने आए हैं। प्रदर्शन से पहले दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर छात्रों द्वारा उठाई गई चिंताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की थी।
हालांकि, पत्र में जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई थी, लेकिन सीजेपी परीक्षा संबंधी मुद्दों से निपटने के तरीके को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग करती रही है।
