शहर

AI की मदद से ठगी! ChatGPT से बनाया NEET का फर्जी पेपर, लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने एक लॉ स्टूडेंट को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने ChatGPT की मदद से फर्जी प्रश्नपत्र बनाकर उसे NEET-UG का असली पेपर बताकर लोगों को बेचा। आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए लोगों को झांसा देकर उनसे 100 से 200 रुपये तक वसूलता था। पुलिस को अब तक 25 लोगों से ठगी के सबूत मिले हैं। मामले की जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

NEET Re-Exam: इंदौर में कृत्रिम मेधा (AI) से लैस चैटबॉट चैटजीपीटी (ChatGPT) के जरिये फर्जी प्रश्नपत्र तैयार करके उसे नीट-यूजी (NEET UG Paper) का वास्तविक पर्चा बताकर लोगों को ठगने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी विधि (LAW) पाठ्यक्रम का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

सोशल मीडिया पर पेपर लीक का झांसा

अपराध निरोधक शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय मालवीय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह शहर के कनाड़िया क्षेत्र का निवासी है और विधि के स्नातक पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष का छात्र है।

त्रिपाठी ने बताया, ’’आरोपी ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लोगों को संदेश भेजकर झांसा दिया कि उसके पास नीट का प्रश्नपत्र उपलब्ध है। हालांकि, उसके द्वारा लोगों को उपलब्ध कराए गए प्रश्नपत्र का नीट परीक्षा के वास्तविक प्रश्नपत्र से कोई संबंध नहीं था।’’

डीसीपी ने बताया कि मालवीय ने चैटजीपीटी से फर्जी प्रश्नपत्र तैयार किया और उसे नीट का असली प्रश्नपत्र बताकर लोगों को बेचा। उन्होंने बताया, ’’इस तरीके से आरोपी ने ज्यादातर लोगों से 100 से 200 रुपये तक की रकम वसूली।’’ त्रिपाठी ने बताया कि अब तक मालवीय द्वारा करीब 25 लोगों से पैसे लिए जाने के सबूत मिले हैं, हालांकि विस्तृत जांच के दौरान यह संख्या बढ़ सकती है।

21 जून को हुआ नीट री एग्जाम

डीसीपी के मुताबिक, विधि छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच कर रहा है। नीट की पुन:परीक्षा 21 जून को कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुई थी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article