भारतीय रेलवे (Indian Railway) में सफर करने वाले यात्री कृपया ध्यान दें, क्योंकि रेलवे ने अपने नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। अगर आप भी अपने बच्चों के साथ कहीं यात्रा करने वाले हैं, तो ये आपके काम की खबर है। अब ट्रेन में यात्रा के दौरान बच्चों के हाफ टिकट लेने पर वैकल्पिक बीमा योजना (Optional Insurance Plan) का लाभ नहीं मिलेगा। रेलवे ने इससे जुड़े नियम बदल दिए हैं। नए नियम के मुताबिक, बच्चे के फुल टिकट लेने पर ही वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ मिल सकेगा।
रेलवे ने वैकल्पिक बीमा शुल्क बढ़ाया
इसके अलावा रेलवे ने वैकल्पिक बीमा योजना शुल्क को भी बढ़ा दिया है। पहले टिकट बुक करने पर वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ लेने के लिए यात्रियों को 35 पैसे का अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता था, लेकिन रेलवे ने अब इसे बढ़ाकर 45 पैसे कर दिया है। यानी कि अब रेलवे में यात्रा के दौरान वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ लेने के लिए आपको अपनी जेब से अतिरिक्त 45 पैसे देने पड़ेंगे, तभी आप वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ ले सकेंगे।
क्या है वैकल्पिक बीमा योजना?
बता दें कि वैकल्पिक बीमा योजना ट्रेन में सफर करने के दौरान लागू होता है। जब यात्री खुद से टिकट काटता है। यानी जब आप ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं तब आपको ये ऑप्शन दिया जाता है कि आप वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ लेना चाहते हैं या नहीं। अगर आप इसका लाभ लेते हैं, तो आपकी ट्रेन यात्रा के दौरान 10 लाख रुपये तक का बीमा हो जाता है। इसके तहत ट्रेन यात्रा में किसी यात्री की मौत होने पर 10 लाख रुपये, आंशिक रूप से विकलांग होने पर 7.5 लाख रुपये और घायल होने पर इलाज के लिए दो लाख रुपये मिलते हैं।
कैसे मिलेगा वैकल्पिक बीमा का लाभ?
अगर यात्री वैकल्पिक बीमा योजना का लाभ लेना चाहते हैं तो उन्हें खुद से टिकट बुक करना होगा। यानी जब आप खुद से ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, तब आपको इस बीमा का विकल्प मिलता है। ये बीमा सभी क्लास- फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर, चेयर कार के कंफर्म और आरएसी टिकट पर मिलता है। अगर आप काउंटर से टिकट खरीदते हैं तो आपको वैकल्पिक बीमा का लाभ नहीं मिलेगा।
