शहर

Weather Alert: सावन के पहले ही दिन 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कहीं लैंडस्लाइड तो कहीं बाढ़ का खतरा

देशभर में मानसूनी गतिविधियां एक्टिव हैं और कई इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। IMD ने राजस्थान सहित 16 राज्यों के लिए आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Weather Alert: देशभर में खासतौर पर मध्य और उत्तर भारत में इन दिनों मानसून (Monsoon) काफी एक्टिव है। कई राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 30 जुलाई को राजस्थान सहित 16 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और मैदानी इलाकों में नदी के कटाव तथा जलभराव की परिस्थिति सामने आ रही है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। गौरीकुंड के पास मलबा आने से केदारनाथ ट्रैकिंग रूट को फिलहाल बंद कर दिया गया है और तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है।

रुद्रप्रयाग में सिल्ली के पास मलबा आने से हाईवे कुछ समय के लिए बंद रहा। पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जानकीचट्टी मार्ग में लैंडस्लाइड के बाद सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। खराब मौसम के चलते बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में आज स्कूल बंद रखे गए हैं।

सरयू-घाघरा का कटाव बढ़ा

उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ नदियों का कटाव भी चिंता बढ़ा रहा है। बलिया में सरयू नदी का पानी गांवों में घुस गया है। इस बीच 100 से ज्यादा परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं, जबकि अब तक दो मकान नदी में समा चुके हैं। कई घरों के नीचे की जमीन भी कट चुकी है। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटान तेज हो गया है। कई बीघा जमीन और पेड़ नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 50 से अधिक छोटे-बड़े मंदिरों में पानी भर गया है।

राजस्थान के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से राजस्थान में बारिश जारी है। आज भी 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में जयपुर, प्रतापगढ़, दौसा और अलवर में करीब एक इंच तक बारिश दर्ज की गई।

हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में बारिश का दौर

हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिन मानसून एक्टिव रहने का अनुमान है। गुरुवार को चंबा, मंडी और कांगड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पंजाब और चंडीगढ़ में 1 से 4 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश और झारखंड में भी अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और शियर जोन एक्टिव हैं। मौसम विभाग ने उज्जैन, सागर सहित 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में 2 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश हो सकती है। बिहार के पांच जिलों में हल्की बारिश और कुछ हिस्सों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

अगले 2 दिन हर तरफ झमाझम

कल यानी शुक्रवार 31 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के साथ ही मध्य प्रदेख, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण के कर्नाटक राज्य में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा विदर्भ क्षेत्र में बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इनके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों (अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा) के साथ ही दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और गोवा में बारिश का येलो अलर्ट दिया गया है।

शनिवार 1 अगस्त को गुजरात में भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश के साथ ही विदर्भ क्षेत्र केल लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article