भारत में छोटी कारों के ग्राहक बड़ी संख्या में हैं और पिछले कुछ समय से एसयूवी के लिए क्रेज बढ़ा है। इसके अलावा महंगी और लग्जरी कारें भी यहां अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। लेकिन इस बार चर्चा का केंद्र कार नहीं, बल्कि कार का रजिस्ट्रेशन नंबर है। क्योंकि इस वीआईपी नंबर प्लेट ने नीलामी में सबसे महंगी प्लेट का रिकॉर्ड बनाया है। अगर आप जानना चाहते हैं कि सबसे महंगी नंबर प्लेट का रिकॉर्ड किस शहर के नाम हुआ है तो बता दें कि यह राजधानी दिल्ली है।
जी हां ‘DDC 0001’ नंबर प्लेट ने नीलामी में 2.08 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली हासिल कर भारत की सबसे महंगी कार नंबर प्लेट का नया रिकॉर्ड बनाया है। सबसे महंगी नंबर प्लेट का यह सौदा प्रीमियम और फैंसी नंबरों के बाजार में एक नया मानक यानी बेंचमार्क माना जा रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह खास नंबर पहले बिग बॉय टॉयज के संस्थापक और प्रबंध निदेशक जतिन आहूजा की मारुति सुजुकी इग्निस पर लगा था। 30 जनवरी को दिल्ली में बिग बॉय टॉयज द्वारा लॉन्च किए गए ‘ऑक्शन हाउस’ के दौरान इस रजिस्ट्रेशन नंबर की नीलामी की गई। आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी किरण कोलिपाकुला ने 2.08 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर इसे अपने नाम किया।
इस बिक्री ने फैंसी नंबर प्लेट की पिछली सभी रिकॉर्ड बोलियों को पीछे छोड़ दिया है। पिछले ही साल ‘HR 88 B 8888’ नंबर के लिए 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। हालांकि, भुगतान न होने के कारण वह सौदा पूरा नहीं हो पाया था। बाद में वह नंबर सिर्फ 26.7 लाख रुपये में दोबारा बेचा गया। इसके मुकाबले ‘DDC 0001’ के लिए 2.08 करोड़ रुपये की बोली ने फेंसी नंबर की दुनिया में तहलका मचा दिया है।
जानकारों का मानना है कि प्रीमियम रजिस्ट्रेशन नंबर अब सिर्फ पहचान का जरिया नहीं रह गए हैं, बल्कि स्टेटस सिंबल और वैकल्पिक लग्जरी निवेश के रूप में उभर रहे हैं। खास और प्रतीकात्मक नंबरों की मांग बड़े महानगरों से बाहर भी तेजी से बढ़ रही है। किसी गैर-मेट्रो शहर के खरीदार द्वारा इतनी बड़ी बोली लगाना इस बदलते रुझान को बखूबी दर्शाता है।
बढ़ती क्रय शक्ति यानी बाईंग कैपेसिटी और लग्जरी संपत्तियों में निवेश की नई सोच के बीच, फैंसी नंबर प्लेट का यह रिकॉर्ड सौदा बताता है कि भारत में एक्सक्लूसिव पहचान के लिए लोग कितनी दूर तक जाने को तैयार हैं।
