शहर

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में भीषण आग, 25 से 30 दुकानें जलकर राख

जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 25 से 30 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 12 से 15 गाड़ियां जुटीं हैं।

Image

जम्मू की शिव मार्केट में आग से भारी नुकसान

Photo : Times Now Digital

Jammu Shiv Market Fire: जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से करीब 25 से 30 दुकानें जलकर राख हो गईं। जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानों में ड्राई फ्रूट्स, ढाबे और कपड़ों की दुकानें शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग बुझाने में जुटीं दमकल की गाड़ियां

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 12 से 15 गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं। आग इतनी भीषण थी कि दुकानदारों को अपना सामान बचाने का मौका भी नहीं मिल सका। आग से प्रभावित एक दुकानदार ने नुकसान की भयावहता बताते हुए कहा, “पूरा बाजार राख हो गया है। कम से कम 25 से 30 दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। यह पूरी तरह से नुकसान है।” दुकानदार ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी से उबरने के लिए सभी को हिम्मत मिले, इसके लिए वे भगवान से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप करने और प्रभावित कारोबारियों को बिना देरी मुआवजा दिलाने की अपील भी की।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी और कारोबार को दोबारा शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है। कारोबारियों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल आग लगने की वजह का भी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article