Uttarakhand News: आजादी...यह सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि वह एहसास है जिसे पाने के लिए देश ने लंबी लड़ाई लड़ी। 15 अगस्त 1947 को भारत ने अंग्रेजों की गुलामी की बेड़ियां तोड़कर आजादी की पहली सुबह देखी थी। लेकिन उत्तराखंड के दो गांवों के लिए 15 अगस्त 2026 एक ऐसी आजादी लेकर आएगा, जिसका इंतजार उनकी पिछली सभी पीढ़ियों ने किया है। सीमांत उत्तराखंड के इन गांवों में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर सिर्फ तिरंगा नहीं लहराएगा, बल्कि पहली बार बिजली का बल्ब भी जलेगा।
जिस रोशनी को देश के अधिकांश हिस्सों ने दशकों पहले अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया था, वह रोशनी यहां अब दस्तक देने जा रही है। कल्पना कीजिए उस पल की, जब किसी घर का बच्चा पहली बार अंधेरे में लालटेन या सोलर लैंप की जगह बिजली के बल्ब के नीचे किताब खोलेगा। जब किसी मां को शाम ढलते ही घर के काम निपटाने की चिंता नहीं होगी। जब बुजुर्गों को रात के अंधेरे में रास्ता तलाशने के लिए हाथ में टॉर्च नहीं पकड़नी पड़ेगी।
इन गांवों के लिए बिजली सिर्फ तारों और खंभों का पहुंचना नहीं है। बल्कि यह अंधेरे से आजादी है और यह आधुनिक सुविधाओं की दुनिया में प्रवेश का पहला कदम है। देश जब अपनी आजादी का जश्न मनाएगा, उसी दिन इन गांवों के लोग भी अपनी जिंदगी की एक नई सुबह का स्वागत करेंगे। शायद उस दिन जलने वाला पहला बल्ब सिर्फ एक घर को रोशन न करे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सपनों को भी उजाला दे। 15 अगस्त 2026 को यहां सिर्फ बिजली नहीं पहुंचेगी...एक उम्मीद जलेगी, एक नया सपना रोशन होगा और सदियों पुराना अंधेरा पीछे छूट जाएगा।

15 अगस्त से रोशन होंगे घर
कुछ गांव जहां नहीं है बिजली
भारत अब तक अंतरिक्ष, विज्ञान, अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और रक्षा के क्षेत्रों में ऐतिहासिक मील के पत्थर हासिल कर चुका है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग, दुनिया की सबसे तेज बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनना और डिजिटल भुगतान (UPI) में वैश्विक नेतृत्व भारत की प्रमुख आधुनिक उपलब्धियां हैं। हैरानी के साथ-साथ गर्व करने वाली बात यह भी है कि देश ने हॉलीवुड की अंतरिक्ष पर बनी फिल्म 'ग्रेविटी' (Gravity) के कुल बजट (लगभग 100 मिलियन डॉलर) से भी कम खर्च में अपना वास्तविक मंगलयान (Mars Orbiter Mission) तैयार किया था, जिसकी लागत करीब 74 मिलियन डॉलर (लगभग 450 करोड़ रुपये) थी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि भारत में आज भी कुछ ऐसे इलाके हैं जहां बिजली जैसी बुनियादी जरूरत तक नहीं है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान और उत्तराखंड जैसे राज्यों के दूरदराज के गांव और क्षेत्र आते हैं। वहीं इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित मुनस्यारी के दुर्गम रड़गाड़ी और बुगडियार को बिजली मिलना एक वरदान से कम नहीं है।
विस्तार और विकास की दिशा में अहम उपलब्धि
जानकारी के मुताबिक गांवों तक विद्युत लाइन पहुंचाने का काम पूरा कर लिया गया है और उम्मीद है कि 15 अगस्त से इन दुर्गम क्षेत्रों में बिजली की रोशनी जगमगाने लगेगी। बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिलने के साथ बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल और संचार सेवाओं तथा दैनिक कार्यों में भी काफी सहूलियत होगी। सीमावर्ती इलाकों में बिजली पहुंचना बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास की दिशा में अहम उपलब्धि मानी जा रही है। ग्रामीणों ने बिजली पहुंचने की संभावित शुरुआत को स्वतंत्रता दिवस का खास उपहार बताया है। उनका कहना है कि इससे गांवों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा। वहीं, विद्युत सुविधा शुरू होने के बाद क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और अन्य विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। एक तरह से यहां 15 अगस्त पर दीवाली जैसा जश्न होगा।
चीन सीमा से इतनी दूरी पर हैं गांव
भारत-चीन सीमा से लगे उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में स्थित रड़गाड़ी और बुगडियार गांव अब जल्द ही बिजली की रोशनी से रोशन होने वाले हैं। चीन सीमा से करीब 35 से 40 किलोमीटर की हवाई दूरी पर बसे इन गांवों तक विद्युत लाइन पहुंचाने का काम पूरा हो चुका है और ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बिजली आपूर्ति का औपचारिक शुभारंभ होने के साथ ही यहां पहली बार नियमित बिजली की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। मल्ला जोहार विकास समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू के अनुसार, गर्मियों के मौसम में निचले इलाकों से जनजातीय समुदाय के ग्रामीण अपने पशुओं के साथ रड़गाड़ी और बुगडियार पहुंचते हैं। लंबे समय से इन गांवों में बिजली की सुविधा नहीं थी, जिसके कारण लोगों को रात के समय रोशनी के लिए लालटेन, मोमबत्ती और सोलर लैंप का सहारा लेना पड़ता था। विद्युत सुविधा शुरू होने के बाद ग्रामीणों को इन पारंपरिक साधनों पर निर्भरता से राहत मिलेगी। साथ ही बिजली की उपलब्धता से सीमांत क्षेत्र में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान होने के साथ शिक्षा और अन्य जरूरी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन गावों को भी बिजली नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी
मल्ला जोहार विकास समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू ने आगे बताया कि रड़गाड़ी और बुगडियार जैसे माइग्रेशन गांवों तक बिजली पहुंचने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बुगडियार तक विद्युत आपूर्ति शुरू होने का फायदा केवल ग्रामीणों को ही नहीं, बल्कि सेना, आईटीबीपी और बीआरओ के जवानों को भी मिलेगा। बुगडियार सुरक्षा बलों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। बिजली उपलब्ध होने के बाद जवानों की निर्भरता सोलर सिस्टम और जनरेटर जैसे वैकल्पिक स्रोतों पर कम होगी। उन्होंने बताया कि रड़गाड़ी और बुगडियार के बाद मिलम, लास्पा, मर्तोली, बल्जू, बुर्पू, मापा, टोला और गनघर समेत अन्य माइग्रेशन गांवों को भी बिजली नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है। प्रस्तावित योजना के तहत लीलम से करीब 62 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन बिछाई जानी है, जिस पर लगभग 21 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बुनियादी सुविधाओं में भारत के सीमांत क्षेत्र चीन से पीछे
वहीं, सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर चीन की तुलना में भारत अभी भी पीछे है। भारतीय सीमा से सटे गांवों में जहां सड़क और बिजली जैसी सुविधाएं धीरे-धीरे पहुंच रही हैं, वहीं चीन ने पिछले करीब एक दशक में अपने सीमावर्ती इलाकों में मॉडल विलेज के तहत बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया है। वहां कई सीमांत गांवों में 24 घंटे बिजली, तेज इंटरनेट, पक्के दो मंजिला मकान और बेहतर सड़क संपर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यूपीसीएल मुनस्यारी के एसडीओ सद्दाम अली ने बताया कि रड़गाड़ी और बुगडियार तक विद्युत लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बाकी गांवों को भी जल्द बिजली नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
