शहर

बेटे के लिए इंसाफ की जंग! IIT छात्र के माता-पिता भूख हड़ताल पर, इंस्टीट्यूट ने स्थगित किए मिड-टर्म एग्जाम

IIT Bombay के छात्र की मौत के मामले में उसके माता-पिता ने आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पैरेंट्स ने बेटे को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंसाफ की मांग को लेकर वे अनशन पर बैठे हैं।

Image

IIT छात्र के माता-पिता भूख हड़ताल पर

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के बाद जातिगत भेदभाव के आरोप लगे हैं। उनके माता-पिता ने गुरुवार को अपने बेटे को 'परेशान करने वालों' के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। वहीं, विवाद के बीच संस्थान ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दीं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता से बात की और उन्हें अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

एक अधिकारी ने बताया कि संस्थान ने 26-27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को 10-11 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया है। साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे ने मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू की। रवींद्र ने कहा, 'जिन लोगों ने मेरे बेटे को परेशान किया, उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। उसने हमें बताया था कि उसे संस्थान में बार-बार जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा।'

इससे पहले, इन्होंने शहर में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपकर अपने बेटे की मौत की जल्द जांच की मांग की।

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ और NSUI के सदस्यों को हिरासत में ले लिया

पुलिस ने कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, उनकी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और NSUI के सदस्यों को हिरासत में ले लिया, जो साहिल के परिवार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए IIT बॉम्बे के बाहर जमा हुए थे। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने IIT बॉम्बे के डायरेक्टर और एक अन्य प्रोफेसर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।सांसद गायकवाड़ ने सत्ताधारी व्यवस्था पर शिक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और साहिल की मौत को 'संस्थागत हत्या' (institutional murder) करार दिया। उन्होंने साहिल की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की व्यापक जांच की मांग की।

'IIT में यह ऐसी पहली घटना नहीं है, हम जवाबदेही चाहते हैं'

उन्होंने कहा कि छात्रों को अपमान और मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, खासकर तब जब वे किसी खास जाति या धर्म से हों।गायकवाड़ ने कहा, 'IIT में यह ऐसी पहली घटना नहीं है,हम जवाबदेही चाहते हैं।' उन्होंने RSS पर उच्च शिक्षण संस्थानों में 'घुसपैठ' करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया, 'BJP और RSS ने शिक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचाया है और ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।'इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे में BTech दूसरे साल के छात्र, 22 वर्षीय साहिल, 18 सितंबर की शाम को अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे।

वर्षा गायकवाड़, कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता और पार्टी के छात्र संगठन 'नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया' (NSUI) के सदस्य गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करने के लिए संस्थान के पवई कैंपस के बाहर जमा हुए थे। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बाद में जब गायकवाड़ मौके पर पहुंचीं, तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article