शहर

IIT Bombay Sucide Case : आखिरी कॉल में दोस्त से क्या बोला था साहिल? कहां हुई थी मिस्टेक, जांच में बड़ा खुलासा

IIT Bombay Sucide Case : आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे ने आत्महत्या से पहले अपनी महिला मित्र से बातचीत में थर्मोडायनामिक्स का पेपर अच्छा नहीं होने का जिक्र किया था। जांच में पता चला है कि उसने कई अन्य बातें कहीं थी, जिससे केस से जुड़ी हुई हैं।

Image

आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल आत्महत्या मामला

मुंबई : आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में जांच एजेंसियों को उसकी एक महिला मित्र से पूछताछ के दौरान अहम जानकारी मिली है। जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले साहिल ने दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी महिला मित्र से फोन पर बातचीत की थी। इस बातचीत को साहिल की आखिरी बातचीत बताया जा रहा है। पुलिस ने महिला मित्र का बयान भी दर्ज कर लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, फोन पर बातचीत के दौरान साहिल ने अपनी दोस्त से कहा था, “मुझसे गलती हो गई। मेरा थर्मोडायनामिक्स का पेपर भी अच्छा नहीं गया था और अब ये हो गया।” इसके बाद उसकी दोस्त ने उसे शांत रहने और संयम रखने की सलाह दी। उसने साहिल से अगले पेपर की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी कहा।

जांच अधिकारियों को दिए बयान में महिला मित्र ने बताया कि यह साहिल से उसकी आखिरी बातचीत थी। इसके बाद साहिल ने उसके फोन कॉल्स का जवाब नहीं दिया। सूत्रों के अनुसार, इस बातचीत के दौरान साहिल ने कथित तौर पर न तो किसी जातिसूचक टिप्पणी का जिक्र किया और न ही उस घटना के बारे में कोई बात की, जिसे लेकर बाद में आरोप सामने आए।

प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला छुट्टी पर भेजे गए

इस बीच, मामले में आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले आईआईटी मुंबई ने छात्र की आत्महत्या के बाद हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच सोमवार को प्रोफेसर डूला को प्रशासनिक मामलों के डीन पद से हटा दिया था। सूत्रों के मुताबिक, डीन पद से हटाए जाने के बाद अब उन्हें छुट्टी पर भेजा गया है। फिलहाल कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं।

साहिल वाकोडे की मौत की जांच मुंबई अपराध शाखा कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे को 18 सितंबर की शाम पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। यह घटना उस समय हुई जब मिड-सेमेस्टर परीक्षा चल रही थी। अधिकारियों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले साहिल को परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़ा गया था।

डूला पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप

प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जातिगत भेदभाव के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, महिला मित्र से हुई कथित आखिरी बातचीत के संबंध में जांच एजेंसी के सूत्रों का कहना है कि साहिल ने फोन पर जातिसूचक टिप्पणी या मामले से जुड़ी किसी घटना का जिक्र नहीं किया था।

वहीं, साहिल की मां ने मंगलवार को दावा किया था कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि जाति के आधार पर उसे प्रताड़ित किया गया, उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे अपमानित किया गया। साहिल के माता-पिता ने आईआईटी मुंबई के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article