Kolkata Hotel Fire: कोलकाता में बीती रात को मछुआ बाजार के फलपट्टी में एक होटल में आग लगने से भीषण हादसा हो गया। जिसमें अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 13 लोग घायल हो गए हैं। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद देर रात करीब 3 बजे आग को बुझा लिया। आग की यह घटना मछुआ बाजार के फलपट्टी स्थित ऋतुराज होटल में हुई। इस दर्दनाक हादसे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दीघा से कोलकाता मेयर और मंत्री फिरहाद हकीम से फोन पर बात भी की। इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है।
सीएम ममता बनर्जी ने दिए जांच के आदेश
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर बताया, "कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।" वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों की संख्या 14 होने की पुष्टि की। उन्होंने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पश्चिमी बंगाल के भाजपा अध्यक्ष ने जताया शोक
पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक बयान में कहा, "मछुआ बाजार के एक होटल में लगी आग में 14-15 लोगों की मौत हो गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह महज एक घटना नहीं है बल्कि यह हत्या है, क्योंकि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। कोलकाता में स्थिति बेहद खराब है। फायर ब्रिगेड मंत्री और मुख्यमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री के पास समय ही कहां है। वह सिर्फ जश्न मनाने में व्यस्त हैं।"
होटल से 14 शव बरामद
कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि आग लगने की यह घटना रात को करीब 8:15 बजे हुई। जिसमें 14 शव बरामद किए गए हैं और कई लोगों को टीमों ने बचाया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के दौरान एक शख्स ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग लगा दी। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं 13 लोगोंं की मौत आग में झुलसने और दम घुटने की वजह से हुई। कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव कार्य जारी है। इस घटना में आगे की जांच चल रही है। जिसके लिए जांच के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।
कमरे में फंसे कई लोग
इस घटना के समय होटल के 42 कमरों में 88 लोग ठहरे हुए थे। वहीं 60 कर्मचारी भी होटल में थे। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग होटल में कमरे में फंसे रह गए। वहीं कुछ लोग खिड़की के बाहर आ गए।जिन्हें रेस्क्यू भी किया गया। लेकिन काफी लोग ऐसे थे जो समय पर बाहर आ नहीं सके। मृतकों में 11 पुरुष, एक महिला और एक-एक लड़की व लड़का शामिल हैं। वहीं 12 घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि एक का इलाज जारी है। फिलहाल 8 शवों की पहचान हो गई है और बाकी लोगों की पहचान की जा रही है। इस मामले में जांच के लिए कोलकाता पुलिस की ओर से एक SIT का गठन किया गया है, जो जांच करके पता लगाएगी कि यह घटना कैसे हुई और होटल में कोई फायर फाइटिंग इक्विपमेंट क्यों नहीं मौजूद था
