Patna Coaching Dispute: पटना में कोचिंग विवाद के बीच बिहार सरकार ने बड़ा ऐलान कर दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि राज्य में वो ऐसा सिस्टम लाने जा रहे हैं, जिससे सभी कोचिंग सेंटर बंद हो जाएंगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ऐसी शिक्षा व्यवस्था तैयार करेगी, जिससे छात्रों को कोचिंग की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं और सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कि ऐसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था से कोचिंग सेंटर अपने आप बंद जाएंगें, उनकी जरूरत ही नहीं रहेगी।
प्रौद्योगिकी केंद्र का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ये ऐलान गयाजी के खिजरसराय में किया, जहां वो 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से विकास कर रहा है और राज्य में बिजली, सड़क, हर घर नल का जल जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। जीविका समूहों की महिलाओं को भी समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005 तक राज्य में केवल 17 लाख परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 2.22 करोड़ परिवारों तक पहुंच गई है। उन्होंने दावा किया कि बिहार देश में सबसे सस्ती और निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति करने वाले राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी दे रही है तथा 125 यूनिट तक बिजली निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
पटना में चल रहा है कोचिंग विवाद
पटना में पिछले कुछ दिनों से कोचिंग सेंटर्स के बीच विवाद चल रहा है। खान सर और रोशन आनंद सर के बीच विवाद में फायरिंग तक हो चुकी है। जहां रोशन आनंद गिरफ्तार होकर जेल तक जा चुके हैं। खान सर और रोशन आनंद दोनों जमानत पर हैं।
