शहर

दिल्ली में CBI का बड़ा एक्शन, 15 लाख की घूस लेते MCD कर्मी समेत 3 गिरफ्तार

CBI ने दिल्ली में 15 लाख रुपये की रिश्वत के लेन-देन के आरोप में MCD के एक सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एजेंसी ने मामले में 25.25 लाख रुपये नकद बरामद किए।

Image

MCD रिश्वत केस में CBI का एक्शन (File Photo)

Photo : PTI

Delhi Bribery Case: दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने कथित रिश्वत लेन-देन के मामले में एक सरकारी कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी 15 लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन कर रहे थे। मामले में MCD के एक इंस्पेक्टर समेत तीन लोगों को रंगे हाथों में पकड़ा है।

सीबीआई ने 16 सितंबर को नगर निगम (MCD) के एक इंस्पेक्टर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि MCD के कुछ अधिकारी टेंडर अवधि खत्म होने के बाद भी बिलबोर्ड, होर्डिंग और LED डिस्प्ले लगाने और प्रदर्शित करने की अनुमति देने के बदले भारी रिश्वत ले रहे थे। इसके अलावा स्वीकृत संख्या से अधिक बिलबोर्ड लगाने की भी अनुमति दी जा रही थी, जिसके एवज में भी कथित तौर पर अवैध रकम वसूली जा रही थी।

ट्रैप लगाकर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

FIR दर्ज होने के बाद CBI ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए 16 सितंबर को दिल्ली में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। इस दौरान MCD के सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट और दो निजी व्यक्तियों को कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रिश्वत के लेन-देन के दौरान गिरफ्तार किया गया। मामले से जुड़े अलग-अलग ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान CBI ने 25.25 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है। मामले में आगे की तलाशी और जांच जारी है।

रेलवे अधिकारी पर भी आय से अधिक संपत्ति का केस

एक अलग मामले में CBI ने दिल्ली स्थित नॉर्दर्न रेलवे सेंट्रल हॉस्पिटल (NRCH) के सीनियर सचिवालय सहायक दिलीप कुमार चावला और उनकी पत्नी ज्योति चावला के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति का मामला दर्ज किया था। FIR के अनुसार, 2 जनवरी 2023 से 19 फरवरी 2026 के बीच की जांच अवधि के दौरान चावला पर 89.51 लाख रुपये की कथित आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से 37.68 प्रतिशत अधिक बताई गई है। CBI का आरोप है कि चावला ने कथित तौर पर अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की। FIR में उनकी पत्नी पर भी अपने नाम पर संपत्ति हासिल करने में कथित तौर पर सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article