Himachal Pradesh News: स्वतंत्रता दिवस की सुबह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चामुंडा-धर्मशाला सड़क पर स्थित इक्कू मोड़ के पास श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 23 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 15 बच्चे भी शामिल हैं।
दर्शन के लिए हिमाचल आए थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, पिकअप सवार सभी श्रद्धालु पंजाब से चामुंडा मंदिर दर्शन के लिए आए थे। हादसा शुक्रवार सुबह बैली होटल के समीप उस वक्त हुआ जब गाड़ी एक तीखे मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी।
हादसे में चार की दर्दनाक मौत
हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो और पुरुषों और एक महिला ने टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई है।
राहत और बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी मदद की। फिलहाल हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
