शहर

Himachal: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी, जानिए कहां-कहां हो रही वोटिंग

Himachal Pradesh Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज के पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। तीन चरणों में मतदान होना है, जिसमें से बाकी के दो चरण 28 और 30 मई को वोट डाले जाएंगे।

Image

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग

Himachal Pradesh Panchayat Election: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज का चुनाव जारी है। हिमाचल प्रदेश की 1293 पंचायतों के 7729 वार्डों में लोग अपने प्रतिनिधि को चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। प्रदेशभर में अब तक कुल 1 लाख 166 मत पड़े हैं, जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 18 लाख 13 हजार 665 है। सुबह 9 बजे तक प्रदेश का कुल मतदान प्रतिशत 5.52 फीसदी दर्ज किया गया है।

किस जिले में सबसे ज्यादा वोटिंग?

हिमाचल राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 21 हजार 961 मत पड़े हैं। इसके बाद मंडी में 18 हजार 253 और शिमला में 15 हजार 768 मत डाले गए हैं। वहीं सबसे कम मतदान लाहौल एवं स्पीति जिले में दर्ज किया गया, जहां केवल 859 मत पड़े। किन्नौर में 1584 और हमीरपुर में 6559 मत डाले गए। मतदान प्रतिशत के लिहाज से शिमला जिला सबसे आगे रहा, जहां 8.72 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद लाहौल एवं स्पीति में 8.20 फीसदी तथा सोलन में 7.47 फीसदी मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान प्रतिशत चंबा जिले में 5.18 फीसदी दर्ज किया गया। कांगड़ा में 5.20 फीसदी, हमीरपुर में 5.27 फीसदी और बिलासपुर में 5.61 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। कुल्लू में 7.41 फीसदी, सिरमौर में 7.09 फीसदी, किन्नौर में 6.87 फीसदी, मंडी में 6.54 फीसदी और ऊना में 5.89 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार प्रदेशभर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और सुबह के समय मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।

17 मार्च को हुआ था स्थानीय निकायों के लिए मतदान

हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान 17 मार्च को हुआ, जबकि 3,754 ग्राम पंचायतों में वोट तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को डाले जाने हैं। हिमाचल प्रदेश में 51 शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव के तहत 17 मार्च वोटिंग हुई थी। जिसमें 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर परिषदों और नगर पंचायतों में 72.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि नगर निगमों में 63.44 प्रतिशत मतदान हुआ। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगमों सहित 51 शहरी निकायों के लिए मतदान रविवार सुबह शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे समाप्त हुआ। इन चार नगर निगमों के 64 वार्ड, 25 नगर परिषदों के 229 वार्ड और 22 नगर पंचायतों के 156 वार्ड के लिए मतदान एक ही चरण में कराये गये हैं। इस चुनाव में 449 पदों के लिए 1,147 उम्मीदवार मैदान में थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Poonam Sharma
पूनम शर्मा author

पूनम शर्मा ने एचपीयू से मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री की है, करीब 2 साल से टाइम्स नेटवर्क के लिए हिमाचल ब्यूरो के रूप में काम कर रही हैं, 2008 में... और देखें

End of Article