शहर

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, चालुंज मोड़ के पास खाई में गिरी बस, 7 यात्रियों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से शनिवार (8 अगस्त) की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भरमौर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बैरागढ़ पटवार सर्कल में चालुंज मोड़ के पास सुबह लगभग 7:15 बजे बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

Image

हादसे में दुर्घटनाग्रस्त बस

Photo : Times Now Digital

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से शनिवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भरमौर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बैरागढ़ पटवार सर्कल में चालुंज मोड़ के पास सुबह लगभग 7:15 बजे बस अनियंत्रित होकर भयानक हादसे का शिकार हो गई। हादसे के वक्त बस में कुल 18 यात्री सवार थे। इस भीषण दुर्घटना में 7 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एडीसी अमित मैहरा ने की मौतों की पुष्टि, घायलों का उपचार जारी

चंबा के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट / ADC अमित मैहरा ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं। सभी 11 घायलों को सबसे पहले स्थानीय सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर और त्वरित इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा रेफर कर दिया गया है।

NDRF और राहत-बचाव टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मौके पर NDRF, हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम तैनात की गई है। क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे से यात्रियों और सामान को सुरक्षित निकालने का काम जारी है।

CM-PM ने हादसे पर जताया दुख

प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि "चंबा जिला के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुए बस हादसे में 7 लोगों के निधन तथा अन्य 11 के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुःखद हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने भी हादसे पर दुख जताते हुए PM मोदी के हवाले से पोस्ट किया कि "चंबा, हिमाचल प्रदेश में हुई दुर्घटना के कारण लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article