शहर

हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा! कुल्लु में 22 लोगों से भरी बस खाई में गिरी, 4 की मौत

हिमाचल प्रदेश में बड़ा बस हादसा हुआ है। 22 सवारियों से भरी बस कुल्लु के पास एक खाई में गिर गई है। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है।

Image

हिमाचल प्रदेश में बस हादसा (फोटो- Administration)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लु में 22 लोगों से भरी बस खाई में गिर गई है। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 घायल हुए हैं। घायल लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिसमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सोझा के पास खाई में गिरी बस

डिप्टी कमिश्नर अनुराग चंदर शर्मा के अनुसार, यह घटना तब हुई जब गाड़ी सड़क से नीचे गिर गई। उन्होंने कहा, "कुल्लू पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, सोझा के पास एक यात्री गाड़ी सड़क से नीचे गिरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 20 वयस्क और दो बच्चे शामिल थे।"

दो पुरुष और दो महिलाओं की मौत

बचाव अभियान की जानकारी देते हुए शर्मा ने आगे कहा, "इनमें से 18 लोगों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए CH बंजार भेज दिया गया है। अब तक चार लोगों की मौत की खबर है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।" उन्होंने आगे बताया कि कई एजेंसियों ने मिलकर एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया। उन्होंने कहा, "प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर यह बचाव अभियान चलाया, और स्थानीय लोगों ने भी इसमें तुरंत और सराहनीय भूमिका निभाई।"

बारिश के कारण हुआ हादसा

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 15 किलोमीटर के मार्ग पर भुंतर की ओर उतरते समय लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन हो जाने के कारण पर्यटक वाहन फिसल गया। पुलिस ने बताया कि कम से कम 18 पर्यटकों को बचा लिया गया है। उसने बताया कि इनमें से 14 लोग घायल हैं और उन्हें बंजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि एक यात्री की हालत गंभीर बताई गई है और चार पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, अग्निशमन सेवा के कर्मी और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। पर्यटक जीभी में एक होटल में ठहरे हुए थे जो बंजार कस्बे से करीब 10 किलोमीटर दूर है। हादसा बंजार कस्बे में हुआ।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article