सोच कर देखिए ऐसी जगह जहां तापमान शून्य से भी कई डिग्री नीचे चला जाता है। आपके दिमाग में जिन जगहों की तस्वीर उभरेगी उसमें लद्दाख का नाम भी शामिल होगा। वैसे सदियों से लद्दाख के लोग इतने कम तापमान में भी अपने घरों को गर्म रखने के देसी तरीके आजमाते आए हैं।
लद्दाख के पारंपरिक घरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे ठंड से लड़ने के लिए मौसम के साथ तालमेल बैठाकर काम करते हैं। आइए जानते हैं कि हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचाने में कैसे काम आते हैं लद्दाख के घर:
अनुभव से निकली वास्तुकला
लद्दाख के घरों की बनावट पीढ़ियों के अनुभव और स्थानीय संसाधनों की समझ से विकसित हुई है। वहां के लोगों ने मौसम के हिसाब से काम करने वाले तरीके अपनाए और वही समझ उनके घरों के ढांचे में झलकती है।
मोटी दीवारें और थर्मल मास
इन घरों में सबसे पहले मोटी मिट्टी की ईंटों से बनी दीवारें ध्यान खींचती हैं। स्थानीय मिट्टी से बनी ये दीवारें अंदर और बाहर के बीच गर्मी के आवागमन को धीमा करती हैं। दिन के समय ये दीवारें गर्मी सोख लेती हैं और रात में तापमान गिरने पर धीरे-धीरे उसे कमरे के भीतर छोड़ती हैं। बिल्डिंग साइंस की भाषा में इसे 'थर्मल मास' कहते हैं, जो घर को लंबे समय तक गर्माहट बनाए रखने में मदद करता है।
सूरज की रोशनी का समझदारी भरा इस्तेमाल
लद्दाख के कई पारंपरिक घरों में दक्षिण दिशा की ओर खिड़कियां होती हैं, ताकि सर्दियों में धूप आसानी से अंदर आ सके। जब सूरज की किरणें फर्श और दीवारों पर पड़ती हैं, तो वे गर्म होती हैं और धीरे-धीरे कमरे में गर्माहट फैलाती हैं। इसे 'पैसिव सोलर हीटिंग' कहा जाता है, जो बिना अतिरिक्त ऊर्जा के घर को आरामदायक बनाता है।
छत, छोटे रोशनदान और कमरों का लेआउट
पारंपरिक छतों में लकड़ी, शाखाओं और मिट्टी की परतों का इस्तेमाल होता है, जो गर्मी को बाहर निकलने से रोकती हैं। छोटी खिड़कियां, शटर और बंद रहने वाले हिस्से गर्म हवा को अंदर रखने और ठंडी हवा को रोकने में सहायक होते हैं।
इसके अलावा, कमरों की व्यवस्था भी अहम है। जिन कमरों में दिन के समय धूप आती है, वे काफी मददगार रहते हैं, जबकि छोटे और कॉम्पैक्ट कमरे बड़े व खुले कमरों के मुकाबले जल्दी और आसानी से गर्म रहते हैं।
आज जहां आराम के लिए लोग हीटर और आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हैं, वहीं लद्दाख के पारंपरिक घर इस बात का सबूत हैं कि सही दिशा, उपयुक्त सामग्री और सोच-समझकर बनाया गया लेआउट वाकई बड़ा फर्क ला सकता है।
