Patan Highway Aircraft Landing: गुजरात के पाटण जिले में बकुत्रा टोल प्लाजा के पास जामनगर-अमृतसर नेशनल हाईवे (भारतमाला रोड) पर भारतीय सेना के चार एयरक्राफ्ट की सफल लैंडिंग कराई गई। 24 नवंबर को हुए इस प्रदर्शन के जरिए आपातकालीन परिस्थितियों में हाईवे को वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता दिखाई गई। भारतीय सेना की माइक्रोलाइट फ्लाइंग और पावर्ड हैंग ग्लाइडिंग टीम ने इस अभियान के तहत चार एयरक्राफ्ट के साथ हाईवे पर लैंडिंग का प्रदर्शन किया।
कर्नल बिरेंदर सिंह ने बताया कि यह भारतीय सेना की एक्सपीडिशन टीम है, जिसमें माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पावर्ड हैंग ग्लाइडर्स शामिल हैं। माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट का कुल वजन, पायलट और ईंधन सहित, लगभग 450 किलोग्राम से कम होता है। उन्होंने बताया कि चार एयरक्राफ्ट में दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और दो पावर्ड हैंग ग्लाइडर्स हैं। दोनों तरह के एयरक्राफ्ट अलग-अलग तकनीकी सिद्धांतों पर काम करते हैं।
14 नवंबर को महू से शुरू हुआ अभियान
कर्नल बिरेंदर सिंह के मुताबिक, अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मध्य प्रदेश के महू से हुई थी। इसके बाद टीम वडोदरा, केवड़िया और भावनगर होते हुए गुजरात के तटीय इलाकों से गुजरी। अभियान में दीव, केशोद, जामनगर, पोरबंदर और मुंद्रा जैसे स्थान भी शामिल रहे। इसके बाद टीम भुज पहुंची और 24 नवंबर की सुबह भुज से उड़ान भरकर बकुत्रा के पास नेशनल हाईवे पर लैंडिंग की।
इससे पहले 21 नवंबर को टीम ने जामनगर से उड़ान भरकर गल्फ ऑफ कच्छ के ऊपर लगभग 48 किलोमीटर की समुद्री दूरी तय की थी और मुंद्रा में सफल लैंडिंग की थी। कर्नल बिरेंदर सिंह ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनके अनुसार, देश में इस तरह की समुद्री क्रॉसिंग पहली बार हुई हो सकती है। अभियान के दौरान 15 नवंबर को केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ऊपर से उड़ान भरकर पुष्पांजलि अर्पित की गई थी। इसके अलावा सोमनाथ मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर के ऊपर से भी ओवरफ्लाइंग की गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- भारतीय रेलवे का दुनियाभर में बजा डंका, पंक्चुअलिटी के मामले में जर्मनी को भी पछाड़ा
अभियान के तीन प्रमुख उद्देश्य
लेफ्टिनेंट कर्नल बरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के तीन मुख्य उद्देश्य हैं। पहला, रेगिस्तान, कच्छ, तटीय और पहाड़ी इलाकों जैसी अलग-अलग भौगोलिक परिस्थितियों में एयरक्राफ्ट की कार्यक्षमता को परखना। दूसरा, देश में एडवेंचर एयरो स्पोर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना और तीसरा, भारतीय सेना की गतिविधियों के जरिए युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना।
कर्नल बिरेंदर सिंह ने इस गतिविधि के आयोजन में सहयोग के लिए तहसील प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने 2023 में नेशनल एयरो स्पोर्ट्स गाइडलाइन जारी की थी। इसका उद्देश्य भारत को अंतरराष्ट्रीय एयरो स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सेना का यह अभियान भी इसी लक्ष्य को बढ़ावा देने की दिशा में है। इस पूरे अभियान में लेफ्टिनेंट कर्नल बरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कर्नल एम.एस. चावला सहित भारतीय सेना के अधिकारी, जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) और जवान शामिल हुए।
