शहर

VIDEO: झालावाड़ में बारिश से मचा हाहाकार, स्कूलों में घुसा पानी तो बच्चों और टीचरों की जान पर बनी आफत; प्रशासन ने संभाला मोर्चा

राजस्थान के झालावाड़ में मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और जलभराव के कारण हालात चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। मनोहरथाना और पिड़ावा क्षेत्र में स्कूलों में पानी घुसने से बच्चे और शिक्षक फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Jhalawar News: राजस्थान के झालावाड़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिले के कई इलाकों में जलभराव और तेज बहाव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई रास्तों पर आवागमन बाधित है, वहीं कुछ स्थानों पर वाहनों के बहने की भी सूचना सामने आई है। मनोहरथाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत टोडरी मीरा के झिकनी गांव में बारिश के कारण पानी स्कूल परिसर में घुस गया। अचानक पानी भरने से कई बच्चे स्कूल के अंदर फंस गए। हालात को देखते हुए ग्रामीणों और स्कूल शिक्षकों ने मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके घर भेजा।

जेसीबी मशीन की मदद से रेस्क्यू किआ गया युवक

तेज बारिश के चलते जिले के कुछ बांधों से भी पानी की निकासी की जा रही है। प्रशासन लगातार जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, भालता क्षेत्र में पानी के तेज बहाव में बह गए एक युवक को पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। जिले के बकानी और सुनेल सहित कई क्षेत्रों में बारिश के कारण रास्ते बंद हो गए हैं। कुछ जगहों पर पानी के तेज बहाव में वाहन भी फंसने या बहने की स्थिति में पहुंच गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाला गया।

टापू में तब्दील हो गया कचराखेड़ी गांव, 40 बच्चे और शिक्षक फंसें

इसी बीच पिड़ावा क्षेत्र के कचराखेड़ी गांव में भी भारी बारिश के कारण हालात गंभीर हो गए। गांव चारों ओर से पानी से घिरने के चलते टापू में तब्दील हो गया। यहां स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में भी बारिश का पानी भर गया, जिससे करीब 40 बच्चे और शिक्षक फंस गए। सूचना मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त अभियान चलाकर बच्चों तथा शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति का जायजा लेने के लिए झालावाड़ जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। लगातार बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव और तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में निगरानी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article