Kolkata Monsoon 2024: देश में मानसून की आहट आने लगी है। खासकर, दक्षिण भारत गर्मी के जाल से निकलने की कगार पर है। यहां मानसून एक्टिव है। लेकिन, उत्तर भारत, पश्चिम और पूर्वोत्तर के राज्यों को अभी गर्मी के जख्म पर बारिश के मरहम की उम्मीद है। हालांकि, भारत मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है। अब दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से केरल, पुदुचेरी, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अलावा मुंबई और गोवा में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इसी बीच IMD ने अन्य राज्यों खासकर, पश्चिम बंगाल में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोलकाता में अगले एक सप्ताह तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के उत्तरी जिलों में भारी बारिश और कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। आइये जानते हैं बंगाल के अलावा और किन राज्यों में जल्द मानसून दस्तक दे सकता है?
गर्मी से मिलेगी राहत
उत्तर भारत के कई राज्य अभी भी गर्मी का दंश झेल रहे हैं। पिछले कई दिनों से पारा आसमान छू रहा है। इसी प्रकार पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हालांकि, मई में बांग्लादेश से तबाही लेकर भारत पहुंचे रेमल तूफान (Remal Toofan) ने पश्चिम बंगाल में गर्मी से छुटकारा दिलाया था। लेकिन, उसके बाद फिर एक बार फिर पारा अधिकतम तापमान की अग्रसर हो चला है। ऐसे में मौसम विभाग का बारिश को लेकर जारी किया गया अलर्ट राहत देने वाला है।
आईएमडी ने ताजा मौसम अपडेट देते हुए बताया कि कोलकाता में सप्ताह भर बारिश होने वाली है। 17 जून को शहर में मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश होगी और तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं, 18-19 जून को मौसम खुशनुमा रहेगा और तापमान में गिरावट के साथ 28 से 35 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा। 20 और 21 जून को तापमान 26 से 34 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा। इस अवधि में हल्की से मध्य बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को गर्मी राहत मिलेगी।
कब आएगा मानसून (Kab Ayega Monsoon)
| शहर का नाम | मानसून की अनुमानित तिथि |
| मुंबई | 10-11 जून |
| कोलकाता | 10-11 जून |
| दिल्ली | 28-30 जून |
| चेन्नई | 10 जून |
| उत्तर प्रदेश | 25-30 जून |
| राजस्थान | 30-8 जून |
| हरियाणा-पंजान | 30-8 जून |
| बिहार | 10 -15 जून |
दिल्ली-यूपी में गर्मी का कहर
दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। सुबह के 9 बजते ही ऐसा लगता है कि मानो दोपहर के डेढ़ बज गए। इसी प्रकार भीषण गर्मी के बीच बंगाल से मानसून बिहार की ओर बढ़ेगा। आईएमडी ने बताया है कि एक दो दिन में मानसून तटीय आंध्र प्रदेश और उड़ीसा पहुंच सकता है। उधर, 17 से 20 जून तक बिहार से झारखंड में भी दस्तक दे सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 25 से 30 जून तक मानसून उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा- पंजाब समेत राजस्थान में देरी के साथ 30 जून से 8 जुलाई के बीच पहुंच सकता है।
इन राज्यों में मानसून की आहट
उधर, 4 से पांच दिनों में उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, गोवा, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में बारिश के आसार हैं। यही क्रम तमिलनाडु, महाराष्ट्र, केरल और तेलंगाना में भी जारी रहेगा। अगर, बारिश समय से पहुंचती है तो दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भयंकर गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। फिलहाल, मानसून के इंतजार के बीच उत्तर भारत में 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। पिछले कई दिनों से लू ने जीना मुहाल कर रखा है। दिन के अलावा रात में भी गर्म हवाएं बह रही हैं।
