Karauli School Bus Accident: राजस्थान के करौली जिले के हिंडौन सिटी क्षेत्र में सूरौठ थाने के पास एक पेट्रोल पंप के सामने प्राइवेट स्कूल की बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। यह बस सूरौठ में मौजूदा एक स्कूल की बताई जा रही है। हादसे के दौरान बस की चपेट में आने से भुकरावली निवासी और धंधावली गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापक (हेड मास्टर) भूरसिंह मीना की मौत हो गई। बस में सवार कई बच्चे भी घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इस दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आखिर कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा बस का संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी, तभी सूरौठ पेट्रोल पंप के सामने अचानक नियंत्रण खो बैठी और पलट गई। इसी दौरान बाइक से स्कूल जा रहे हेड मास्टर भूरसिंह मीना बस की चपेट में आ गए।
इलाज के दौरान हुई हैड मास्टर भूरसिंह मीना की मौत
गंभीर रूप से घायल भूरसिंह मीना को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे भुकरावली गांव के निवासी थे और धंधावली के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वे रोज की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे, तभी इस हादसे का शिकार हो गए।
बच्चे भी हुए घायल, इलाज जारी
दुर्घटना में बस में सवार कई बच्चे भी घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस थानाधिकारी सोहन सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
