Jaipur News: जयपुर में एक जापानी महिला टूरिस्ट के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच बदमाशों ने जयगढ़ किले के पास महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान अमीमुद्दीन उर्फ आमिर (24) के रूप में हुई है, वह रामगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है और मजदूरी करता है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
5 अप्रैल को जयगढ़ फोर्ट घूमने गई थी महिला (Jaipur Molestation Case)
यह घटना 5 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, महिला पर्यटक जयगढ़ किले में घूमने के लिए पहुंची थी। जब वह किले के पास स्थित गणेश मंदिर की तरफ जा रही थी, तभी सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर कुछ बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने महिला पर्यटक से पहले हाथ मिलाने की कोशिश की, फिर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने लगे।
सिक्योरिटी गार्ड देख भागे आरोपी
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। पीड़िता वहां से भागते हुए पास में ही तैनात सिक्योरिटी गार्ड के पास पहुंची। गार्ड ने उसे बदहवास हालत में देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान सभी आरोपी गार्ड को आता देख मौके से फरार हो गए। जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में 5 संदिग्ध युवक पहाड़ी से नीचे उतरते नजर आ रहे थे। पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए हुलिए और फुटेज के आधार पर कई इलाकों में दबिश दी। जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि बाकी आरोपियों के बारे में भी जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
