शहर

हाथरस में विवाहिता की मौत या हत्या? पुलिस ने बुझाई जलती चिता, बरामद किए शव के अवशेष; फॉरेंसिक जांच शुरू

हाथरस के में 31 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बिना सूचना अंतिम संस्कार किए जाने का दावा किया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चिता बुझाकर शव के अवशेष बरामद किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।

Image

हाथरस में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी (प्रतीकात्मक फोटो)

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के थरौरा गांव में शुक्रवार सुबह 31 वर्षीय महिला निर्मला की मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला की हत्या करने के बाद मामले के सबूत मिटाने की नीयत से पुलिस और मायके वालों को जानकारी दिए बिना उसका जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस की मौजूदगी में फायर ब्रिगेड की टीम ने चिता की आग बुझाई और वहां से शव के अवशेष बरामद किए। बरामद अवशेषों को आवश्यक जांच के लिए पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक परीक्षण हेतु भेजा गया है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

2012 में हुई थी शादी

पुलिस के मुताबिक, निर्मला फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के जायमई गांव निवासी सुरेश चंद्र की बेटी थीं। साल 2012 में उनकी शादी थरौरा गांव निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी से हुई थी। अमित कुमार हरियाणा के बल्लभगढ़ में स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता है। शादी के करीब दो साल बाद पति-पत्नी के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। बताया गया है कि दोनों के बीच लंबे समय तक विवाद चलता रहा और मामला करीब एक दशक तक अदालत में भी विचाराधीन रहा।

मायके ने लगाया क्या आरोप?

पुलिस के अनुसार, दंपति की संतान नहीं थी। करीब चार साल पहले न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस की मौजूदगी में निर्मला को थरौरा गांव में रहने के लिए एक मकान और चार बीघा जमीन उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद वह वहीं रह रही थीं। शुक्रवार को उनकी अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें दिए बिना ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का दावा है कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगाकर वहां से निकल चुके थे। इस घटनाक्रम के बाद मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

चिता से अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजे गए

घटना की जानकारी मिलने पर सादाबाद के क्षेत्राधिकारी जे.एन. अस्थाना स्थानीय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चिता से अवशेष बरामद कर जांच के लिए भेजे हैं। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल से सबूत जुताए हैं। सीओ जे.एन. अस्थाना ने बताया कि महिला के शव के अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article