Dimple Chaudhary Attacked: मशहूर हरियाणवी स्टेज डांसर डिंपल चौधरी (Dimple Chaudhary) पर उत्तर प्रदेश के बॉर्डर इलाके में एक बेहद खौफनाक और जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने डिंपल की कार को निशाना बनाते हुए लाठियों से हमला कर दिया और उनकी कार का अगला शीशा (विंडशील्ड) चकनाचूर कर दिया। इस हमले के बाद डिंपल का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी टूटी हुई कार दिखाते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगा रही हैं।
बहन के घर जाते समय रास्ते में घेरा
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, डिंपल चौधरी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने छोटे भाई के साथ अपनी छोटी बहन के घर सिकंदराबाद (बुलंदशहर) जा रही थीं। रास्ते में सिकंदराबाद के एक सीएनजी पंप पर रुककर उनके भाई ने कोल्ड ड्रिंक और चिप्स खरीदे और वे आगे बढ़ गए। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनकी ब्रेजा कार पर अचानक डंडों से हमला बोल दिया। हमलावर कार का शीशा तोड़कर मौके से फरार हो गए।
सदमे से हो गईं बेहोश, जाना पड़ा अस्पताल
डिंपल ने बताया कि रात के अंधेरे में हुए इस अचानक हमले से वह इतनी बुरी तरह डर गईं कि मौके पर ही बेहोश (Unconscious) हो गईं। कार में मौजूद उनके छोटे भाई और ड्राइवर ने घबराहट में उन्हें तुरंत पास के 'नवीन हॉस्पिटल' में एडमिट कराया। इस खौफनाक हादसे के बाद डिंपल अपनी बहन के घर जाने के बजाय वापस अपने घर लौट आईं।
रोते हुए वीडियो वायरल, 'क्या पुलिस मेरी मौत का इंतजार कर रही है?'
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डिंपल रोते हुए कह रही हैं, 'बदतमीजी की भी एक हद होती है। मैं अपनी बहन के घर जा रही थी और उन्होंने मेरी गाड़ी का यह हाल कर दिया।' डिंपल ने आरोप लगाया कि उनकी जान को लगातार खतरा बना हुआ है। उनके पास न तो कोई बॉडीगार्ड था और न ही गाड़ी में कोई हथियार। हमलावर उनकी जान भी ले सकते थे। उन्होंने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि पुलिस किसी बड़ी दुर्घटना के होने का इंतजार कर रही है।
18 जून को आई थी 'चंबल के डॉन' की कॉल, ऑडियो लीक
डिंपल चौधरी ने खुलासा किया कि उन्हें 18 जून को एक धमकी भरी कॉल भी आई थी, जिसकी दो ऑडियो-वीडियो क्लिप उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। फोन करने वाले शख्स ने खुद को 'चंबल का डॉन' बताया था।
कॉल रिकॉर्डिंग में क्या सुनाई दिया:
-कॉलर: 'मैडम, मैंने आपकी रील देखी है... मुझे आपसे प्यार हो गया है।'
-डिंपल: 'पूरी दुनिया रील देखती है, इसका मतलब यह नहीं कि आप फोन करोगे। मैं आपको बहुत गंदी गालियां दूंगी।'
-कॉलर: 'तुम्हारे घर से AK-47 निकलवा दूंगा, तुम्हें तुम्हारे घर से ही उठवा लूंगा।'
-डिंपल: 'जो कहना है दोबारा कहो, रिकॉर्डिंग हो रही है।'
-कॉलर: 'रिकॉर्ड करना है तो कर लो, कोई दिक्कत नहीं है।'
डिंपल का कहना है कि इस धमकी के बाद वह पुलिस चौकी गई थीं, जहां उन्हें दो घंटे बैठाया गया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो आज उन पर यह हमला न होता।
बुलंदशहर या ग्रेटर नोएडा? पुलिस का बयान
वहीं, ताजा मामले पर बुलंदशहर के एसपी देहात (SP Rural) अंतरिक्ष जैन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि मामला दोनों जिलों के बॉर्डर का है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह घटना बुलंदशहर क्षेत्र की नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा के 'बीटा-2 / अल्फा पुलिस स्टेशन' क्षेत्र की है। चूंकि यह सीमावर्ती इलाका है, इसलिए सिंगर/डांसर को समझने में थोड़ी चूक हुई। फिलहाल ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मामले को अपने हाथ में ले लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
