।Haryana Weather: हरियाणा में इन दिनों पहाड़ों जैसी ठंड पड़ रही है। कई शहरों में तापमान फ्रीजिंग प्वाइंट के करीब आ गया है। बुधवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह हरियाणा का सबसे ठंडा शहर रहा। जिसके बाद नारनौल में न्यूनतम पारा 1 डिग्री और भिवानी में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिनों पहले गुरुग्राम में भी जीरो डिग्री के पास न्यूनतम तापमान पहुंच गया था।
हरियाणा में दिन में भी सर्दी का सितम
हरियाणा में न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यहां पर दिन में भी सर्दी से राहत महसूस नहीं हो रही है। साथ ही कई शहर घने कोहरे की चपेट में हैं। जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हो रही है। वहीं शीतलहर के कारण लोग दिन-रात ठिठुर रहे हैं। बुधवार को हरियाणा के अंबाला में दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ी। यहां अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 9 डिग्री कम था। इसके अलावा करनाल में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री कम 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
हरियाणा का सबसे ठंडा शहर हिसार
हिसार में लगातार दिन-रात का तापमान नीचे लुढ़क रहा है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा गुरुग्राम में न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री, अंबाला में 4.9 डिग्री, करनाल में 3.6 डिग्री, रोहतक में 3.6 डिग्री और फरीदाबाद में 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में कहां-कितना रहा तापमान
| जिला | न्यूनतम तापमान |
| हिसार | 0.5 डिग्री सेल्सियस |
| नारनौल | 1 डिग्री सेल्सियस |
| भिवानी | 1.2 डिग्री सेल्सियस |
| गुरुग्राम | 3.5 डिग्री सेल्सियस |
| अंबाला | 4.9 डिग्री सेल्सियस |
| करनाल | 3.6 डिग्री सेल्सियस |
| रोहतक | 3.6 डिग्री सेल्सियस |
| फरीदाबाद | 4.3 डिग्री सेल्सियस |
चंडीगढ़ में 4 डिग्री से नीचे तापमान
हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है। बुधवार को यहां न्यूनतम पारा 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री कम है। मंगलवार को चंडीगढ़ में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, इस दौरान तापमान गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10 डिग्री कम था।
