रायपुर : छत्तीसगढ़ में चक्रवाती सिस्टम 'अर्नब' का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, बालोद समेत कई जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 28 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इनमें 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 11 जिलों में येलो अलर्ट बताया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की संभावना जताई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। कई नदी-नाले उफान पर हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। कुछ इलाकों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बस्तर में रिसोर्ट में फंसे 3 लोगों का रेस्क्यू
बस्तर में बारिश के बीच एक रिसोर्ट में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। जिला प्रशासन, SDRF और आपदा राहत की टीमें मौके पर पहुंचकर तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं।
प्रशासन और SDRF की टीमें मुस्तैद
लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन, SDRF और आपदा राहत दलों को अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव टीमों की तैनाती की गई है। निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है।बस्तर में लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने जैसे एहतियाती कदम भी उठाए हैं। वहीं खराब मौसम का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है।
कई इलाकों में आवागमन प्रभावित
बारिश और भूस्खलन के कारण कई जगह सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है। बस्तर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन की वजह से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। खराब मौसम के कारण हवाई सेवा भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। भारी बारिश को देखते हुए सभी कलेक्टरों को हिदायत दी है कि सब अलर्ट रहें। आम जनता को किसी तरह से परेशानी नहीं होनी चाहिए।
