शहर

सरकारी फंड गबन मामले में CBI का बड़ा एक्शन, हरियाणा के IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल गिरफ्तार

CBI ने हरियाणा के वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल को करोड़ों रुपये के सरकारी फंड गबन मामले में गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि विभागीय खातों में नियमों के विपरीत धनराशि ट्रांसफर कर फर्जी लेन-देन किए गए। यह मामला 504 करोड़ रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले से भी जुड़ा बताया जा रहा है।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

सीबीआई (CBI) ने हरियाणा के वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल को सरकारी फंड के कथित घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। उन पर 60.54 करोड़ रुपये के सरकारी फंड का दुरुपयोग करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाना है।

CBI के मुताबिक, यह मामला हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (HSSPP) और हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड (HSAMB) के फंड से जुड़ा है। इन विभागों के बैंक अकाउंट चंडीगढ़ स्थित IDFC फर्स्ट बैंक की सेक्टर-32 शाखा में संचालित जा रहे थे। जांच में सामने आया कि इन बैंक खातों को वित्त विभाग के नियमों के विपरीत खोला गया था। बाद में इन खातों में तय सीमा से अधिक सरकारी धन ट्रांसफर किया गया।

घोटाले से सरकार को भारी नुकसान

जांच एजेंसी का दावा है कि फर्जी लेन-देन और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों के जरिए करीब 60.54 करोड़ रुपये का गबन किया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा। CBI का कहना है कि जांच में आईएएस अफसर पंकज अग्रवाल की कथित भूमिका से जुड़े पर्याप्त सबूत मिले हैं।

504 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले से जुड़ा मामला

CBI के अनुसार, यह मामला IDFC फर्स्ट बैंक की शाखा से जुड़े 504 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि हरियाणा सरकार के 8 विभागों के करीब 504 करोड़ रुपये शेल कंपनियों और अन्य माध्यमों से निकाल लिए गए थे। इस मामले में अब तक 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। इनमें छह बैंक अधिकारी, तीन सरकारी कर्मचारी, दो कंपनियां और छह निजी व्यक्ति शामिल हैं।

पहले भी हुई थी IAS अधिकारी की गिरफ्तारी

इसी घोटाले से जुड़े पंचकूला नगर निगम फंड के कथित गबन मामले में वरिष्ठ IAS अधिकारी आर.के. सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। CBI ने बताया कि वह चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) और CREST से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि सरकारी धन के दुरुपयोग में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article