Hansi Gym Owner Murder: हरियाणा के हांसी में फव्वारा चौक के पास गुरुवार सुबह साढ़े 5 बजे के करीब बाइक सवार हमलावरों ने एक जिम संचालक पर ताबड़तोड़ 10 राउंड फायर किए। हमलावरों ने जिम संचालक पर 5 सेकेंड में नजदीक से पीठ-सिर में गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीबारी के दौरान वार्म-अप कर रही एक युवती शिखा भी छर्रे लगने के कारण घायल हो गई। उसे हिसार के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिस वक्त जिम संचालक का मर्डर हुआ है वह फव्वारा चौक के नजदीक बनी दुकानों के रैप पर लड़के-लड़कियों को एक्सराइज करवा रहा था। हमलावार बाइक पर आए और उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था। वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।
दिल्ली में जिम के बाहर फायरिंग
आज सुबह दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक जिम के बाहर ऐसी ही एक घटना हुई, जब मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने कथित तौर पर फिटनेस सेंटर के बाहर फायरिंग की।
यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई; हमलावरों ने जिम पर करीब सात राउंड फायरिंग की और फिर मौके से भाग गए। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सबूत इकट्ठा कर रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसकी अधिकारी जांच कर रहे हैं। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
खास बात यह है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। गैंगस्टर हरि बॉक्सर का ऑडियो सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है और अधिकारी इस दावे की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
