शहर

'मैं हिमाचल प्रदेश से SP चंदन सिंह बोल रहा हूं...' फर्जी अफसर बनकर आदेश देना भारी पड़ा, गुरुग्राम पुलिस ने पहुंचाया हवालात

Gurugram News: गुरुग्राम में पत्नी के शोरूम की बिजली चालू कराने के लिए एक शख्स ने हिमाचल प्रदेश पुलिस का फर्जी SP बनकर पुलिस पर धौंस जमाने का मामला सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी करण कुमार सकूजा को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

SHO को डीजीपी की धौंस देने वाला दिल्ली का शख्स गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Gurugram News: पत्नी के शोरूम की कटी हुई बिजली चालू करवाने के चक्कर में एक शख्स को फर्जी पुलिस अधिकारी बनना भारी पड़ गया। खुद को हिमाचल प्रदेश पुलिस का SP बताकर गुरुग्राम पुलिस पर रौब जमाने और काम कराने का आदेश देने वाले एक आरोपी को डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी के फोन पर आई 'SP साहब' की कॉल

मामला 25 जुलाई का है, जब गुरुग्राम के थाना DLF सेक्टर-29 के SHO के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने कड़क और रौबदार आवाज में अपना परिचय हिमाचल प्रदेश पुलिस के SP चंदन सिंह के रूप में दिया। कथित SP ने थानेदार को आदेश दिया कि गुरुग्राम स्थित 'मेगा मॉल' की एक शोरूम की बिजली तुरंत चालू करवाई जाए। बात मनवाने और दबाव बनाने के लिए आरोपी ने पुलिस विभाग के DGP स्तर के शीर्ष अधिकारियों के नाम का भी हवाला दिया।

अति-उत्साह ने खोला पोल, मौके पर पहुंची पुलिस

फोन पर बातचीत के दौरान कथित अफसर के अत्यधिक उत्साह और लहजे पर थाना प्रभारी को संदेह हुआ। उन्होंने बिना देरी किए तुरंत एक पुलिस टीम को पड़ताल के लिए मेगा मॉल भेजा। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की, तो पूरा सच सामने आ गया। फोन पर SP बनकर आदेश देने वाला व्यक्ति कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि दक्षिण दिल्ली के नेब सराय का रहने वाला करण कुमार सकूजा (51 वर्ष) निकला।

हीरो बनने के चक्कर में कटा चालान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पत्नी की गुरुग्राम के मेगा मॉल में एक दुकान है। मॉल प्रबंधन ने किसी विवाद के कारण दुकान का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इसी बिजली को तुरंत बहाल कराने और पत्नी के सामने रौब जमाने के लिए उसने फर्जी एसपी बनने का दुस्साहस किया था।

ACP क्राइम (गुरुग्राम) नवीन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकारी पद और नाम का गलत इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article