Haryana Election Results 2026 Local Body Polls: हरियाणा निकाय चुनाव में कई सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंततः बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी ने 7 में से 6 निकायों पर कब्जा जमाकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। इन चुनावों में कुल 150 वॉर्डों पर मतदान होना था, जिनमें 6 वॉर्डों पर उपचुनाव कराए गए, जबकि 144 वॉर्डों पर मुख्य चुनाव संपन्न हुए। बुधवार को हुए निकाय चुनावों के नतीजों में बीजेपी ने अधिकांश क्षेत्रों में बढ़त बनाते हुए विपक्ष को पीछे छोड़ दिया।
अंबाला नगर निगम
- मेयर - बीजेपी
- कुल वॉर्ड - 20
- 16-बीजेपी
- 3-कांग्रेस
- 1-निर्दलीय
सोनीपत नगर निगम
- मेयर - बीजेपी
- 22 वॉर्ड
- बीजेपी - 17
- कांग्रेस - 5
पंचकूला नगर निगम
- मेयर - बीजेपी
- 20 वॉर्ड
- 17-बीजेपी
- 1-कांग्रेस
- 2-निर्दलीय
उकलाना नगर पालिका
- चेयरमैन - कांग्रेस समर्थित निर्दलीय
- 16 वॉर्ड सभी निर्दलीय जीते (किसी भी पार्टी ने चुनाव चिन्ह पर चुनाव नहीं लड़ा।)
रेवाड़ी नगर परिषद
- चेयरमैन - बीजेपी
- 32 वॉर्ड
- 11-बीजेपी
- 19-निर्दलीय
- कांग्रेस - 2
धारुहेड़ा नगर पालिका
- बीजेपी - चेयरमैन
- 18 वॉर्ड
- 18 - निर्दलीय (किसी भी पार्टी ने चुनाव चिन्ह पर चुनाव नहीं लड़ा।)
सांपला नगर पालिका
- बीजेपी - चेयरमैन
- 16 वॉर्ड
- बीजेपी - 6
- निर्दलीय - 10
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा ये
हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम जनता का विश्वास केंद्र और हरियाणा सरकार पर बढ़ा है इसलिए आज का निकाय चुनावों का परिणाम उसी विश्वास का प्रतीक है। आज हरियाणा में तीनों मेयर पार्टी के उम्मीदवार बनने जा रहे हैं। रेवाड़ी, सांपला और धारूहेड़ा में भी हमको बड़े मार्जिन से जीत मिली है। विपक्ष के ऊपर अब जनता को विश्वास नहीं रहा, वो केवल झूठ की राजनीति करते हैं विपक्ष बताए कि उन्होंने महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं लेने दिया। किसानों के लिए भी विपक्ष ने कुछ नहीं किया। पूरे विश्व में भारत का सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ा है, इसलिए ये नतीजे आए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस जीत पर खुशी जताई और पार्टी को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा कि, "हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार विजय के लिए राज्य के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार! इस जीत से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जनता-जनार्दन का भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और सुशासन की नीतियों पर अटूट विश्वास है। यह विजय राज्य की डबल इंजन सरकार पर हरियाणा के लोगों के भरोसे का भी प्रतीक है। इस अवसर पर पार्टी के उन सभी कार्यकर्ताओं का मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने भाजपा की इस जीत में अहम भूमिका निभाई है।"
मतगणना सुबह 8 बजे शुरू
मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हो गई है। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के देवेंद्र कल्याण ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों और प्रतिवेदन अधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी कर यह सुनिश्चित किया गया है कि मतगणना निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर चरण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि मतगणना केंद्रों के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। ईवीएम को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक और मतगणना के बाद वापस लाने के लिए विशेष पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के भी आदेश दिए हैं।
कहां-कहां हुए चुनाव?
इन चुनावों में अंबाला, पंचकुला और सोनीपत के नगर निगमों में महापौर और वार्ड पार्षद पदों के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, धारूहेरा और उकलाना की नगर समितियों के चुनाव भी शामिल थे। तोहाना, झज्जर, राजौंद, ताराओरी, कनीना और सधौरा में एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव भी हुए।
अंबाला में 54.4 प्रतिशत, पंचकुला में 52.7 प्रतिशत और सोनीपत में 47.9 प्रतिशत मतदान हुआ। हिसार, रेवाड़ी और रोहतक जिलों में मतदान प्रतिशत क्रमशः 75.7 प्रतिशत, 66.1 प्रतिशत और 79.2 प्रतिशत रहा। कुल 8.73 लाख पात्र मतदाताओं में से 4.75 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव में भाजपा और कांग्रेस प्रमुख दावेदार थे। भाजपा के उम्मीदवार अक्षिता सैनी, श्यामलाल बंसल और राजीव जैन क्रमशः अंबाला, पंचकुला और सोनीपत में महापौर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने कुलविंदर कौर, सुधा भारद्वाज और कमल दीवान को मैदान में उतारा था।
