शहर

Hardoi News: दो लाख की रिश्वत लेते नगर पालिका ईओ गिरफ्तार, विजिलेंस ने जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा

हरदोई में शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) कृष्ण कुमार सोनकर को विजिलेंस टीम ने दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोप है कि उन्होंने बकाया बिलों का भुगतान जारी करने के बदले कमीशन की मांग की थी। शिकायत की जांच सही मिलने पर ट्रैप कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Hardoi Bribery Case: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई की है। शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक ठेकेदार के बकाया बिलों का भुगतान जारी करने के लिए कमीशन मांगी थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप

सतर्कता विभाग के अनुसार, हरदोई के सदर बाजार खजांची टोला निवासी सुदेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की फर्म लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स पिछले कई वर्षों से शाहाबाद नगर पालिका में बिजली आपूर्ति और रखरखाव का काम कर रही है। फर्म के पिछले कार्यों के बिलों का भुगतान लंबे समय से बकाया था। आरोप है कि इन बिलों को पास करने और भुगतान जारी करने के एवज में ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने दो लाख रुपये कमीशन मांगा था। ईओ ने धमकी दी थी कि रिश्वत न देने पर बकाया भुगतान नहीं होगा।

ठेकेदार की शिकायत पर विजिलेंस का ट्रैप सफल

शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ सेक्टर को लिखित शिकायत दी। गोपनीय जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सोमवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने शाहाबाद में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ईओ को दो लाख रुपये नकद दिए, टीम ने उन्हें मौके पर दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी ईओ को हिरासत में लेकर लखनऊ पहुंची। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में सतर्कता अधिष्ठान थाना, लखनऊ सेक्टर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article