शहर

Prayagraj News: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Image

Prayagraj Triple Murder

Photo : Times Now Digital

Prayagraj Triple Murder: प्रयागराज से सोमवार देर रात ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की सिर पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुबह घर में खून से लथपथ मिले शव

यह घटना यमुनानगर जोन अंतर्गत मेजा थाना क्षेत्र में कुकुरकटवा गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान श्यामलाल उर्फ कल्लू, उसकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीनों पर किसी भारी चीज से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आज सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद टीम ने घटनास्थल की जांच की और अहम सबूत जुटाए।

हत्या के कारणों की जांच कर रही पुलिस

घटनास्थल पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर जोन विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस परिजनों और गांववालों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों समेत हर एंगल से जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article