शहर

हापुड़ में इंसानियत शर्मसार; पड़ोसियों ने महिला को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शक के आधार पर कानून हाथ में लेने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। तगा सराय मोहल्ले में एक महिला को पड़ोस की युवती के लापता होने के आरोप में पड़ोसियों ने बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मेरठ में मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने भीड़ की हिंसा की भयावह तस्वीर सामने रख दी है।

Image

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Photo : Times Now Digital

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली देहात क्षेत्र के तगा सराय मोहल्ले में एक महिला को केवल शक के आधार पर कुछ लोगों ने इस कदर पीटा कि उसकी जान चली गई। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद हर कोई सन्न रह गया है।

लापता युवती से जुड़ा था विवाद

मृतका की पहचान 50 वर्षीय सरोज उर्फ सत्तो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पड़ोस में रहने वाली एक युवती के अचानक लापता होने के बाद सरोज और उसके परिजन रुग्गन पर शक जताया गया। बिना किसी पुख्ता सबूत के ही गुस्साए लोगों ने महिला को घेर लिया और देर शाम उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

CCTV में दिखी दरिंदगी

घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि महिला खुद को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन कई लोग उसे लगातार पीट रहे हैं। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद फूटा परिवार का गुस्सा

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा ने बताया कि यह मामला दो पक्षों के बीच विवाद से जुड़ा है और महिला की मौत इलाज के दौरान हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

(इनपुट: आकाश शर्मा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article