Gwalior Crime: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अंबेडकर कॉलोनी (पिछोर तिराहा) में एक महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही पति के प्राइवेट पार्ट पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया। इतना ही नहीं, जब ससुर अपने बेटे को बचाने दौड़े, तो सिरफिरी महिला ने उन पर भी गर्म पानी उड़ेल दिया। इस दर्दनाक घटना में पिता और पुत्र दोनों बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में डबरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गैस पर उबल रही थी दाल और हो गया कांड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डबरा थाना के इंचार्ज थाना प्रभारी संजय शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित भूपेंद्र कुशवाह ने थाने आकर अपनी पत्नी केसकली कुशवाह और मायके वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक पूछताछ और शिकायत के मुताबिक, शनिवार (27 जून) की दोपहर को भूपेंद्र और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान महिला की मां (सास), साला और सलहज भी वहां पहुंच गए। बहस इतनी बढ़ गई कि रसोई में गैस पर बन रही दाल का उबलता हुआ खौलता पानी महिला ने अपने पति के ऊपर फेंक दिया। गर्म पानी सीधे पति के गुप्तांग और अंदरूनी हिस्सों पर जा गिरा, जिससे वह दर्द से तड़प उठा। बीच-बचाव करने आए ससुर पन्नाराम भी इस खौलते पानी की चपेट में आकर झुलस गए।
शराब की लत या दूसरी शादी का चक्कर?
इस खौफनाक वारदात के पीछे दो अलग-अलग वजहें सामने आ रही हैं, जिनकी पुलिस गहनता से पड़ताल कर रही है। स्थानीय सूत्रों और शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, पत्नी अपने पति भूपेंद्र की शराब पीने की लत से बेहद परेशान थी। घर में आए दिन इसी बात को लेकर क्लेश और मारपीट होती रहती थी। दूसरी तरफ, अस्पताल में भर्ती घायल पति भूपेंद्र कुशवाह का आरोप है कि उनके शादी को 14 साल हो गए हैं उनकी कोई संतान नहीं है। पत्नी केसकली उसके साथ नहीं रहना चाहती और वह दूसरी शादी करना चाहती है, इसी वजह से उसने इस साजिश को अंजाम दिया।
मायके वालों संग फरार हुई आरोपी पत्नी
भूपेंद्र और उसके पिता पन्नाराम को तड़पता हुआ छोड़कर आरोपी पत्नी केसकली अपने भाई, मां और भाभी के साथ मौके से फरार हो गई। चीख-पुकार सुनकर इकट्ठा हुए पड़ोसियों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत डबरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, पति के अंदरूनी हिस्से गर्म पानी की वजह से काफी ज्यादा झुलस गए हैं।
डबरा थाना पुलिस ने पीड़ित पति की रिपोर्ट पर आरोपी पत्नी केसकली कुशवाह और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना पारिवारिक विवाद था। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
