दिल्ली से सटा हरियाणा का गुरुग्राम एक आधुनिक शहर है। इस शहर को मिलेनियम सिटी कहा जाता है। इसी शहर में देश के कुछ सबसे महंगे फ्लैट और अन्य प्रॉपर्टी मौजूद हैं। यहीं पर देश का आज तक का सबसे महंगा फ्लैट भी बिका है। लेकिन इसी गुरुग्राम के कुछ इलाके पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से अंधेरे में हैं। जी हां गुरुग्राम की कम से कम 22 आवासीय सोसाइटियों में रहने वाले हजारों लोग पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से अंधेरे में जीन को मजबूर हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे से सटे इलाके में रविवार सुबह 8.40 बजे से लाइट नहीं है। यहां सेक्टर 107 में स्थित 220 KV ग्रिड स्टेशन में भीषण आग के बाद यह इलाके अंधेरे में डूबे हैं।
इन इलाकों में नहीं है लाइट
गुरुग्राम के सोभा सिटी, M3M वुडशायर, एमार गुरुग्राम ग्रीन्स, अडानी ओयस्टर ग्रीन्स और सनसिटी एवेन्यू 102 सोसाइटियां इस 220 KV ग्रिड स्टेशन में आग के बाद प्रभावित हुई हैं। इससे गुरुग्राम के सेक्टर 99, 102, 103, 107, 108 और 109 प्रभावित हैं।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के अनुसार इलाके में बिजली पहुंचाने की भरपूर कोशिश की जा रही है। तब तक डेवपलरों और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों से कहा गया है कि वह बिजली की कुछ वैकल्पिक व्यवस्था कर लें। उन्हें सोमवार शाम तक डीजी सेट से बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
