Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर-113 इलाके में निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे दो मजदूरों के 19वीं मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। हादसा इतना गंभीर था कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में आक्रोश फैल गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
काम करते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दोनों मजदूर निर्माणाधीन बिल्डिंग की 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक नीचे गिर गए। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की।
ठेकेदार को गुस्साए मजदूरों ने पीटा
हादसे के बाद गुस्साए मजदूरों ने ठेकेदार को घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। स्थिति को शांत कराने पहुंचे एक हेड कांस्टेबल के साथ भी मजदूरों की हाथापाई हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद मजदूरों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- गुरुग्राम में थार ड्राइवर का खौफनाक खेल! रैपिडो कैब को बार-बार मारी टक्कर, बाल-बाल बचे तीन लोग
पूरे मामले की जांच जारी
बताया जा रहा है कि यह घटना बीते दिन की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं और मजदूरों के 19वीं मंजिल से गिरने की वास्तविक वजह क्या रही। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
