LIVE
Mahakumbh, Prayagraj Live: माघ पूर्णिमा के लिए श्रद्धालुओं का महाकुम्भ क्षेत्र में आना जारी, प्रयागराज-वाराणसी और यहां आने वाले रास्तों पर जाम
Mahakumbh, Prayagraj Live: माघ पूर्णिमा के लिए श्रद्धालुओं का महाकुम्भ क्षेत्र में आना जारी, प्रयागराज-वाराणसी और यहां आने वाले रास्तों पर जाम
FEB 12, 2025 19:57 IST
महाकुंभ : माघ पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा
महाकुंभ 2025 में माघ पूर्णिमा पर बुधवार को संगम तट पर डुबकी लगाने पहुंचे करोड़ों श्रद्धालुओं पर योगी सरकार ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की परंपरा को जारी रखा। सभी घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कल्पवासियों पर फूलों की बारिश की गई। पुष्प वर्षा की शुरुआत सुबह 8 बजे से ही हो गई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न तटों पर स्नान कर रहे थे। गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश देख संगम तट पर मौजूद संतों और श्रद्धालुओं ने अभिभूत होकर जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए। अपनी धार्मिक आस्था को सम्मान दिए जाने पर श्रद्धालुओं ने योगी सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
FEB 12, 2025 19:56 IST
महाकुंभ: धीरे-धीरे ठीक कर ली जाएगी यातायात व्यवस्था : बिहार पुलिस महानिदेशक
बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में लगे जाम को लेकर बुधवार को कहा कि महाकुंभ में जिस दिन शाही स्नान होता है, उससे पहले बिहार से यूपी जाने वाले बड़े वाहनों को रोक दिया जाता है, ताकि उत्तर प्रदेश में 'प्रेशर' नहीं पड़े। इस कारण कुछ समय के लिए यातायात में व्यवधान पड़ता है, लेकिन धीरे-धीरे यातायात को व्यवस्थित कर लिया जाएगा।
FEB 11, 2025 22:03 IST
महाकुंभ : माघ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए रोडवेज ने की अतिरिक्त व्यवस्था
प्रयागराज में त्रिवेणी के तट पर लगे आस्था के जनसमागम में माघ पूर्णिमा स्नान पर्व के पहले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ रहा है। यूपी रोडवेज ने इन आगंतुकों को वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। अलग से आरक्षित बसों के अलावा कनेक्टिंग सेवा के लिए शटल बसों का एक बेड़ा भी तैयार है।
FEB 11, 2025 19:13 IST
महाकुंभ से लौटे वाराणसी में अटके
महाकुंभ से होकर लौटते समय लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं वाराणसी पहुंच रहे हैं, जिससे गोदौलिया चौराहा पूरी तरह जाम हो चुका है। सड़क पर तिल रखने की जगह नहीं बची है। भीड़ को संभालने में प्रशासन के हाथ पांव फूल रहे हैं। आसपास के क्षेत्र को 12 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में ACP लेवल अफसरों की ड्यूटी लगी है। लोग 5-8 किमी की दूरी तय कर मंदिर पहुंच रहे, लगभग 30- 35 लाख श्रद्धालु काशी पहुंचे हैं। मंदिर के 3 किमी के दायरे में भक्तों की लाइन लगी है। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है।
FEB 11, 2025 16:46 IST
जान हथेली पर लेकर शॉर्टकट अपना रहे श्रद्धालु
प्रयागराज संगम में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है, श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर दूर पैदल चलकर संगम पहुंचना पड़ रहा है। ऐसे में कुछ श्रद्धालु जान हथेली पर लेकर शॉर्टकट रास्ता अपना रहे हैं। टाइम्स नाउ नवभारत के कमरे में कैद हुई तस्वीर में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि श्रद्धालु 7 फीट से ऊंची लगी लोहे कि रेलिंग पर चढ़कर या यूं कहे कूद-फांद कर शॉर्टकट रास्ता अपना रहे हैं। कई किलोमीटर दूर पैदल चलकर यह श्रद्धालु थक गए हैं, जिसके चलते संगम से सटे झूसी के पास लगे लोहे की रेलिंग पर चढ़ते व कूदते नजर आ रहे हैं। इसमें महिलाएं, पुरुष व छोटे बच्चे तक शामिल हैं।
FEB 11, 2025 15:48 IST
प्रयाग और कुम्भ मेला क्षेत्र में यातायात के हालात बेहतर - डीआईजी वैभव कृष्ण
कुम्भ मेला के डीआईजी वैभव कृष्ण का कहना है कि आज प्रयागराज और कुम्भ मेला क्षेत्र में यातायात के हालात काफी बेहतर हैं। उन्होंने कहा, कल 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा का बड़ा स्नान है। इसके लिए श्रद्धालु अभी से आने शुरू हो चुके हैं।
FEB 11, 2025 15:45 IST
मुकेश अंबानी ने महाकुम्भ में की नाव की सवारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी आज 11 फरवरी को महाकुम्भ मेले में पहुंचे। यहां उन्होंने अपने परिवार के साथ संगम क्षेत्र में नाव की सवारी की
FEB 11, 2025 15:45 IST
FEB 11, 2025 13:35 IST
माघ पूर्णिमा के चलते मेला क्षेत्र आज से ही नो-पार्किंग जोन बना
प्रयागराज पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कहा, हमारी कोशिश है कि तीर्थयात्रियों का यात्रा का अनुभव अच्छा रहे। लखनऊ, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, रीवा, वाराणसी हर तरफ से ट्रैफिक आसानी से आ-जा रहा है। शहर के अंदर भी किसी तरह का ट्रैफिक जाम नहीं है। गाड़ियों को अलग-अलग पार्किंग में भेजा जा रहा है। लोगों को सिर्फ संगम की तरफ हीं जाना चाहिए, बल्कि पुलिसकर्मी उन्हें जिस पार्किंग की तरफ भेज रहे हैं, वहां जाकर अपनी गाड़ी खड़ी करें। कल्पवासियों के लिए अलग से ट्रैफिक अरेंजमेंट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि माघ पूर्णिमा के चलते मेला क्षेत्र आज से ही नो-पार्किंग जोन रहेगा। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को क्रेन के जरिए उठा लिया जाएगा।
FEB 11, 2025 11:55 IST
प्रयागराज में आज ज्यादातर जगहों पर ट्रैफिक जाम नहीं, आराम से बढ़ रही गाड़ियां
प्रयागराज में आज ज्यादातर स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं है। ज्यादातर सड़कों पर ट्रैफिक आराम से बढ़ रहा है। फिर चाहे वह मलक हरार हो, मिर्जापुर रोड हो, रीवा रोड, सहांसो, फाफामऊ, अंडावा हो या कौशांबी रूट हो। कनिहार रोड पर ट्रैफिक का थोड़ा दबाव देखने को मिल रहा है, लेकिन यहां पर डायवर्जन लगाया गया है।
FEB 11, 2025 11:13 IST
समाजवादी पार्टी सनातन पर बेतुकी बयानबाजी कर रही है, माघी पूर्णिमा के लिए हम अच्छी तैयारी कर रहे हैं - ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि माघ पूर्णिमा के लिए बड़ी संख्या में लोग महाकुम्भ आ रहे हैं। हमारी सरकार इसके लिए बहुत अच्छी तैयारी कर रही है और सुविधाओं को लगातार और बेहतर कर रही है। विपक्षी दल, विशेषतौर पर समाजवादी पार्टी सनातन धर्म पर बेतुकी बयानबाजी करती रहती है, लेकिन सनातन धर्म का हर अनुयायी आज प्रयागराज पहुंच रहा है।
FEB 11, 2025 10:29 IST
महाकुंभ में यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए सीएम ने दिए दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा के दिन विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल को सही तरीके से संचालित किया जाए और पांच लाख से अधिक वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था का सही उपयोग किया जाए। इसके अलावा, मेला परिसर में कोई भी अनाधिकृत वाहन प्रवेश न कर सके, इसका पूरा ध्यान रखा जाए।
FEB 11, 2025 10:26 IST
प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
प्रयागराज में महाकुंभ मेले में 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान है। इस मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए संगम नगरी आने वाले हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए प्रयागराज प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान शहर में क्या-क्या प्रतिबंध रहेंगे, ये जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर
FEB 10, 2025 23:12 IST
प्रयाग में महाजाम, अयोध्या-विंध्याचल में 3 दिन स्कूल रहेंगे बंद
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के चलते सभी रास्ते वाहनों से फुल हैं। इसके अलावा महाकुंभ से लौटते समय ज्यादातर श्रद्धालु अयोध्या स्थित राम मंदिर और विंध्याचल मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के चलते स्थानीय लोग बेहद परेशान है। लिहाजा, दोनों जगहों पर 12 वीं तक के सभी स्कूलों को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है।
FEB 10, 2025 22:47 IST
प्रयागराज-वाराणसी बॉर्डर पर ट्रकों की आवाजाही की रोक
प्रयागराज महाकुंभ और वाराणसी में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले की सभी सीमाओं से वाराणसी की तरफ जाने वाले भारी वाहनों (ट्रकों) की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
FEB 10, 2025 22:13 IST
महाकुंभ: वैष्णव ने प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरों को खारिज किया
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरों को महज अफवाह करार देते हुए सोमवार को कहा कि क्षेत्र के सभी आठ स्टेशनों से रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और सुव्यवस्थित तरीके से हो रहा है। वैष्णव ने यहां रेल भवन में मीडिया से कहा कि श्रद्धालुओं को स्टेशन बंद होने की अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘प्रयागराज के सभी आठ स्टेशनों पर रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और बहुत सुव्यवस्थित है। रेलवे राज्य प्रशासन के साथ बहुत ही समन्वित तरीके से काम कर रहा है।’’
FEB 10, 2025 20:35 IST
प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर 72 घंटे से लगा वाहनों का तांता
महाकुंभ में डुबकी लगाकर भारी संख्या में माँ विंध्यवासिनी के दर्शन को श्रद्धालु आ रहे हैं। प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर 72 घंटे से अधिक समय से वाहनों का तांता लगा हुआ है। लाखों की संख्या में प्रयागराज से मिर्जापुर आ रहे वाहनों के चलते सड़क पर लगा जाम लगा हुआ है। खुद जिलाधिकारी प्रियंका हाथ में डंडा लेकर स्थिति नियंत्रित करने में जुटी हैं।
FEB 10, 2025 18:33 IST
गोरखपुर से आने वाले श्रद्धालु रास्ते में फंसे
महाकुंभ में स्नान के लिए गोरखपुर से प्रयागराज के लिए चले लोग मछली शहर में ही 2 दिनों से फंसे हुए हैं। हालांकि, खाने पीने के लिए स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की है।
FEB 10, 2025 17:11 IST
मध्य प्रदेश में मैहर से प्रयागराज आने वाले राजमार्ग पर आज जाम नहीं
मध्य प्रदेश के मैहर जिले से होकर प्रयागराज तक जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार है। इसके बावजूद जाम की स्थिति में रविवार की अपेक्षा सोमवार को काफी सुधार है। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें दूर तक दिख रही हैं, लेकिन जाम जैसे हालात आज नहीं है। सोमवार को भी मैहर से होकर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए 20-25 मिनट तक स्टॉप करके वाहन छोड़े जा रहे हैं। मैहर जिले में 3 स्टॉप पॉइंट बनाए गए हैं, लेकिन सभी जगहों पर स्थित सामान्य है।
FEB 10, 2025 16:50 IST
महाकुंभ की ओर जाने वाली सड़कें जाम
महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और भारी भीड़ से निपटने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं के वास्ते कई नई व्यवस्थाएं की हैं। कई क्षेत्रों में व्यापक जाम और अन्य परेशानियों के बावजूद महाकुंभ नगर तथा वाराणसी में लोगों के पहुंचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
