बिजनेस

ICICI Bank News: बदल गया ICICI बैंक का वेबसाइट और नेट बैंकिंग एड्रेस, क्या बदलेंगे आपके यूजर ID और पासवर्ड? जानें सब कुछ

ICICI Bank News: RBI के निर्देशानुसार ICICI बैंक ने अपनी वेबसाइट और नेट बैंकिंग का पता बदलकर ‘.bank.in’ डोमेन पर कर दिया है। क्या ग्राहकों की यूजर आईडी और पासवर्ड भी बदल जाएगा। जानिए डिटेल

Image

आईसीआईसीआई बैंक ने बदला वेबसाइट और नेट बैंकिंग का पता: जानें ग्राहकों पर इसका क्या असर पड़ेगा

Photo : iStock

ICICI Bank News : देश के प्रमुख प्राइवेट बैंकों में शामिल आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने अपने ग्राहकों की डिजिटल सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट और इंटरनेट बैंकिंग का वेब एड्रेस (URL) बदल दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए बैंक ने अपनी सेवाओं को नए ‘.bank.in’ डोमेन पर शिफ्ट कर दिया है। अगर आप भी आईसीआईसीआई बैंक के ग्राहक हैं और नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करते हैं, तो इस बदलाव से जुड़ी सभी अहम बातें आपके लिए जानना जरूरी है।

क्या है बैंक का नया वेबसाइट और नेट बैंकिंग एड्रेस?

बैंक द्वारा जारी की गई आधिकारिक जानकारी और ग्राहकों को भेजे गए ईमेल के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक की मेन वेबसाइट का पता अब http://www.icicibank.com से बदलकर http://www.icici.bank.in हो गया है। इसके अलावा, इंटरनेट बैंकिंग का नया लिंक retailnetbanking.icici.bank.in (पुराना पता: retailnetbanking.icicibank.com) कर दिया गया है। रिजर्व बैंक ने बैंकों में होने वाले साइबर फ्रॉड और फर्जी वेबसाइटों से ग्राहकों को बचाने के लिए अक्टूबर 2025 तक सभी बैंकों को अपने वेब एड्रेस में डोमेन को '.bank.in' पर ट्रांसफर करने का निर्देश दिया था।

क्या बदलना होगा यूजर आईडी और पासवर्ड?

कई ग्राहकों के मन में यह सवाल है कि डोमेन बदलने के बाद क्या उन्हें अपना लॉगिन आईडी या पासवर्ड दोबारा बनाना होगा। बैंक ने साफ किया है कि ग्राहकों को अपनी यूजर आईडी (Customer ID) या पासवर्ड बदलने की बिल्कुल भी जरुरत नहीं है। आपकी पुरानी यूजर आईडी और पासवर्ड पहले की तरह ही नए वेब एड्रेस पर भी काम करेंगे। इसके लिए किसी भी तरह के नए रजिस्ट्रेशन या प्रक्रिया की जरुरत नहीं है। आपकी खाता संबंधी सभी जानकारियां और बैंकिंग क्रेडेंशियल पूरी तरह से सुरक्षित और यथावत रहेंगे।

ग्राहकों को अब क्या कदम उठाने की जरुरत है?

अगर आपने अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के वेब ब्राउजर में बैंक की पुरानी वेबसाइट या नेट बैंकिंग के लिंक को 'बुकमार्क' या 'शॉर्टकट' के रूप में सेव कर रखा है, तो उसे तुरंत बदल लें। अब आपको नए एड्रेस को ही बुकमार्क करना होगा ताकि आप सीधे आधिकारिक और सुरक्षित वेबसाइट पर पहुंच सकें। किसी भी अज्ञात लिंक या फर्जी वेब पेज पर जाने से बचने के लिए हमेशा नया पता सही तरीके से टाइप करके ही इस्तेमाल करें।

सुरक्षा के लिए जुड़ा नया 'कैप्चा' (CAPTCHA) फीचर

ऑनलाइन बैंकिंग को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आईसीआईसीआई बैंक ने नेट बैंकिंग के लॉगिन पेज पर एक नया 'CAPTCHA' फीचर भी जोड़ा है। अब जब भी आप नेट बैंकिंग में लॉगिन करेंगे, तो आपको यूजर आईडी और पासवर्ड के साथ स्क्रीन पर दिखने वाला कैप्चा कोड भी दर्ज करना होगा। यह नया कदम ग्राहकों के खातों को ऑटोमेटेड साइबर हमलों और अनधिकृत लॉगिन से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article