शहर

DUSU चुनाव में ABVP का डंका, 4 में से 3 पदों पर कब्जा, NSUI का सूफड़ा साफ, निर्दलीय शौकीन बने उपाध्यक्ष

DUSU Election Result 2026 : DUSU चुनाव के नतीजों में ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद अपने नाम किए, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन के खाते में गया। वहीं, NSUI के हाथ खाली रहे।

Image

DUSU चुनाव परिणाम घोषित (फोटो-ABVP)

DUSU Election Result 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। शनिवार सुबह से जारी वोटों की गिनती में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बाजी मारी। ABVP ने अध्यक्ष समेत प्रमुख तीन पदों पर जीत दर्ज की है। ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर कब्जा जमाया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत हासिल की। इस चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI एक भी पद जीतने में सफल नहीं रही। एबीवीपी के अध्यक्ष चुने गए यश दयाल ने कहा कि स्टूडेंट्स ने NSUI को स्वीकार नहीं किया ,ये विद्यार्थियों की जीत है।

ABVP ने DUSU चुनाव में 2025-26 जैसा प्रदर्शन दोहराते हुए तीन प्रमुख पदों पर अपना परचम लहराया। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डाबस ने NSUI के विजय मीणा को हराकर जीत दर्ज की। यश डाबस को कुल 24,576 वोट मिले, जबकि विजय मीणा के खाते में 22,523 वोट आए।

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत दर्ज की। NSUI से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन को कुल 30,615 वोट मिले। उन्होंने ABVP के ईशु मौर्य और NSUI के वीर चतरथ को पीछे छोड़ते हुए उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया।

रिया छावड़ी बनीं DUSU सचिव

सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 21,650 वोट मिले, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट हासिल हुए। इस जीत के साथ ABVP ने तीन प्रमुख पदों पर अपना दबदबा कायम रखा।

संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह विजयी

संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें कुल 16,641 वोट मिले। इस पद पर निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव दूसरे स्थान पर रहे।

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दी बधाई

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में मेरे सभी युवा मित्रों को डीयूएसयू चुनावों में एबीवीपी की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई! यह जीत राष्ट्रप्रथम की भावना से प्रेरित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के अटूट विश्वास और 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article