Gurugram Encounter: हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बंबिहा गैंग के दो शार्प शूटरों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। एनकाउंटर मैदावास गांव के पास हुआ, जहां सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की क्राइम ब्रांच टीमों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि बंबिहा गैंग के दो शार्प शूटर गुरुग्राम में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मैदावास गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में बदमाश हुए घायल
बदमाशों की गोलीबारी के जवाब में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में और दूसरे के कंधे में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में हिरासत में लेकर गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश पंजाब के निवासी सुमित और सुखनजीत हैं, जो नामी अपराधी बंबिहा गैंग से जुड़े हुए हैं। दोनों पर हत्या, रंगदारी और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
