गुरुग्राम

गुरुग्राम बनेगा एंटरटेनमेंट का ग्लोबल हब; पचगांव में डिज्नीलैंड का निर्माण, पर्यटन और संस्कृति को मिलेगी नई उड़ान

Gurugram News Today (गुरुग्राम की खबर ): हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के पचगांव चौक के पास 500 एकड़ भूमि पर एक विश्वस्तरीय डिज्नीलैंड थीम पार्क की योजना बनाई है, जो राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और हरियाणा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना को केंद्र से समर्थन दिलाने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री से भी मुलाकात की।

Image

गुरुग्राम में जल्द बनेगा डिज्नीलैंड (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

Disneyland in Gurugram: हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के पचगांव चौक के पास 500 एकड़ भूमि पर एक विश्वस्तरीय डिज्नीलैंड थीम पार्क विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। यह प्रोजैक्ट न सिर्फ राज्य के पर्यटन क्षेत्र में जरूरी बदलाव लाएगी, बल्कि इसके साथ प्रस्तावित ग्लोबल सिटी और रेल ऑर्बिटल कॉरिडोर के जरिए से क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को भी बल मिलेगा। सरकार ने इस प्रतिष्ठित परियोजना के लिए पचगांव चौक के पास उपयुक्त भूमि का चयन कर लिया है।

यह क्षेत्र अपनी रणनीतिक स्थिति की वजह से प्रोजैक्ट के लिए आदर्श है, क्योंकि यह दिल्ली और अन्य शहरों से जुड़ा हुआ है। डिज्नीलैंड जैसे वैश्विक आकर्षण की स्थापना से हरियाणा देश के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सांस्कृतिक और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से इस परियोजना को लेकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा में पर्यटन को प्रोत्साहित करने, राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और हरियाणा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने संबंधी विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा हुई।

परिवर्तनकारी का प्रोजैक्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रस्तावित डिज्नीलैंड परियोजना एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम साबित होगी। यह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक स्तर पर अनेक लाभ प्रदान करेगी। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की बाजार संभावनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ उठाते हुए एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का मनोरंजन केंद्र विकसित करना है। इसके माध्यम से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास होगा और आसपास के क्षेत्रों में समग्र प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम पहले से ही कई प्रमुख फॉर्च्यून कंपनियों के मुख्यालय का केंद्र है और राज्य की अर्थव्यवस्था में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। इसी कारण, गुरुग्राम में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी परियोजना के साथ डिज्नीलैंड की स्थापना इसे एक नई उपलब्धि प्रदान करेगी। इस परियोजना के लिए मानेसर के पास पचगांव चौक के समीप लगभग 500 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है। यदि डिज्नीलैंड भारत में अपना पार्क स्थापित करता है, तो इससे न केवल हरियाणा को बल्कि पूरे देश को पर्यटन के क्षेत्र में नया आयाम मिलेगा। विदेशी पर्यटकों की आमद से राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

गीता महोत्सव का आयोजन

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा सरकार हर साल भगवान कृष्ण द्वारा दिए गए कर्म के संदेश को वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करती है। इस महोत्सव के अंतर्गत सरस मेले और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस भव्य आयोजन को और व्यापक बनाने हेतु पर्यटन मंत्रालय से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, जिससे गीता महोत्सव को वैश्विक पहचान दिलाई जा सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article