Gurugram: साइबर सिटी के न्यू पालम विहार इलाके में मंगलवार देर रात लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां के निहाल कॉलोनी की एक गली में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक ज्वेलर को घेर गहनों से भरे बैग को छीनने लगे। ज्वेलर ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने ज्वेलर को गोली मार दी। गोली ज्वेलर के कंधे में लगी है। इसके बाद दो बदमाश ज्वेलर से बैग लेकर फरार हो गए। वहीं, तीसरे बदमाश को भीड़ ने दबोच लिया और जमकर पीटा। बाद में इस आरोपी को पुलिस अपने साथ ले गई। ज्वेलर को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्वेलर से लूटे गए बैग में लाखों रुपये कीमत की ज्वेलरी और नकदी बताई जा रही है। बजघेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार दोनों बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार, निहाल कॉलोनी के रहने वाले जॉनी सोनी मार्केट गली नंबर छह में श्री बालाजी ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। मंगलवार रात को वो दुकान बंद कर पास ही स्थित अपने घर पैदल आ रहे थे। गली में पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें घेर कर पिस्टल तान दी। बदमाशों ने ज्वेलर्स से जब बैग छीनने की कोशिश की तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस पर एक बदमाशा ने गोली चला दी। गोली सीधे ज्वेलर जॉनी के कंधे पर लगी और वे गिर गए। शोर और गोली की आवाज सुनकर वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाइक छोड़कर भागे दो बदमाश, एक को दबोचा
बैग छीनने के बाद तीनों बदमाश एक ही बाइक पर बैठकर भागने लगे, लेकिन आगे गली बंद होने से लोगों ने इन बदमाशों को घेर लिया और उन पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। दो बदमाश पिस्टल लहराते हुए बाइक को वहीं छोड़कर भागने में सफल रहे, लेकिन एक बदमाश को भीड़ ने दबोच लिया और जमकर पीटा। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने बदमाश को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। बजघेड़ा पुलिस थाना के एसआई मोहनलाल ने बताया कि, घायल ज्वेलर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही इसके फरार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
