Gurugram: साइबर सिटी के न्यू पालम विहार इलाके में एक ज्वेलर को गोली मारकर लूट करने वाले चार आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी को घटना के वक्त ही भीड़ ने दबोच लिया था, बाकि अन्य तीन आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर पानीपत से गिरफ्तार किया। इन आरोपियों की पहचान नरेश उर्फ नंदू, अजय उर्फ संजू, अंकित और राजेश के रूप में हुई। इन सभी आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर लिया है। इस पूरी वारदात की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि, जल्द उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
बता दें कि, मंगलवार रात को दुकान बंद कर घर जा रहे ज्वेलर से लूट की थी। तीन बदमाशों ने घेर कर ज्वेलर से उसका बैग छीनने की कोशिश की। ज्वेलर ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी, जो कंधे में लगी। घटना के बाद भीड़ ने आरोपियों को घेर लिया। जिसके बाद बदमाश अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे। दो आरोपी भागने में सफल हुए, एक बदमाश को भीड़ ने दबोच कर जमकर पीटा। इसी आरोपी से पूछताछ में पता चला कि, इस वारदात में पांच लोग शामिल थे। इस बदमाश से पूछताछ करने के बाद बाकि आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
