गुरुग्राम

Gurugram: दिल्ली-जयपुर हाईवे बनेगा देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे, लंबे इंतजार के बाद निर्माण कार्य शुरू

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2023, 06:13 PM IST

Gurugram: नया साल गुरुग्राम के साथ पूरे दिल्‍ली-एनसीआर के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे का नवनिर्माण कार्य शुरू हरियाणा और राजस्‍थान के बॉर्डर से शुरू हो गया है। इस हाईवे के नवनिर्माण कार्य को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्‍य रखा गया है। यह देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे होगा। इस प्रोजेक्‍ट पर भी पहले से कार्य शुरू हो गया है।

Image

दिल्‍ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम में लगा जाम

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • 18 माह बाद दिल्ली से जयपुर पहुंच सकेंगे महज दो घंटे में
  • राजस्‍थान और हरियाणा बॉर्डर से शुरू हुआ हाईवे का नवनिर्माण कार्य
  • हरियाणा सरकार अपने क्षेत्र के हाईवे निर्माण पर खर्च करेगी 370 करोड़

Gurugram: नया साल गुरुग्राम के साथ पूरे दिल्‍ली-एनसीआर के लिए बड़ी सौगात लेकर आया है। लंबे इंतजार के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे का नवनिर्माण कार्य शुरू हो गया है। एनएचएआई ने राजस्‍थान और हरियाणा के बॉर्डर पर गुरुग्राम के शाहजहांपुर से इसका नवनिर्माण कार्य शुरू किया है। कुछ दिनों में ही गुरुग्राम की तरफ जहां सात किलोमीटर हिस्से का निर्माण पूरा हो गया, वहीं राजस्थान में जयपुर की तरफ पांच किलोमीटर हाईवे का निर्माण पूरा कर लिया गया है। एनएचएआई ने इस हाईवे के निर्माण का कार्य दो अलग-अलग कंपनियों को सौंपी है। अपने क्षेत्र में पड़ने वाले इस हाईवे के नवनिर्माण पर हरियाणा सरकार करीब 370 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

दिल्ली-जयपुर हाईवे के परियोजना निदेशक अजय आर्य ने बताया कि, इस हाईवे का नवनिर्माण कार्य बॉर्डर से शुरू किया गया है। हरियाणा के अंदर इस हाईवे पर ज्‍यादा कार्य होना है, इसलिए यहां ज्यादा समय लगेगा। हमने इस हाईवे को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्‍य रखा है। इस हाईवे के नवीनीकरण के बाद वाहन चालक दिल्ली से जयपुर महज दो घंटे में पहुंच सकेंगे। अभी यह हाईवे वाहनों के भारी दबाव के कारण जाम का पर्याय बना हुआ है। दिल्‍ली से जयपुर पहुंचने में चार घंटे तक का समय लग जाता है।

वर्ष 2024 तक यह बनेगा देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे

यह हाईवे अपने आप में सबसे खास होने वाला है। इस हाईवे को आने वाले समय में देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे बनाया जाएगा। इस हाईवे की एक लेन इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आरक्षित की जाएगी। जिस पर ट्रक और बस जैसे भारी इलेक्ट्रिक वाहन ट्रेन की तरह चलेंगे। भविष्य की योजना पर पहले ही कार्य शुरू हो चुका है। हाईवे पर कुछ किमी. की दूरी पर पहले से इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाने का कार्य किया जा रहा है। गुरुग्राम के नजदीक ऐसा पावर स्टेशन बनाया भी जा चुका है। इस इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन पर एक बार में 100 वाहन चार्ज किए जा सकेंगे। बता दें कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कुछ साल पहले इसकी घोषणा की थी। तभी से इस पर कार्य किया जा रहा है। परिवहन मंत्रालय इस हाईवे को वर्ष 2024 तक पूरी तरह देश का पहला इलेक्ट्रिक हाईवे बनाने का लक्ष्‍य रखा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!