गुरुग्राम

फतेहाबाद: पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली को चुनाव आयोग का नोटिस, इन नियमों का किया उल्लंघन

हरियाणा के पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। उन पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है।

Image

पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

फतेहाबाद: हाल ही में जेजेपी छोड़ चुके हरियाणा के पूर्व पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। उनको अपने संगठन के बैनर तले चलाए जा रहे नेत्र जांच शिविर को लेकर नोटिस जारी किया गया है। फतेहाबाद के टोहाना से विधायक देवेंद्र बबली के खिलाफ रिटर्निंग अधिकारी प्रतीक हुड्डा के पास किसी ने शिकायत भेजी थी। विधायक पर आरोप है कि राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से वो आंखों के कैंप लगवा रहे हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन है, क्योंकि चुनाव की घोषणा हो चुकी है। चुनाव आयोग ने उनसे 48 घंटों के भीतर जवाब मांगा है और जवाब देने का अंतिम दिन 28 अगस्त ही है।

आचार संहिता का उल्लंघन

बता दें कि देवेंद्र बबली 'जागो दिशा' सही सोच' नाम से अपना गैर राजनीतिक संगठन चलाते हैं। इसी संगठन से उन्होंने समाज सेवा करते करते राजनीति में कदम रखा था। हाल ही में देवेंद्र बबली ने जेजेपी से किनारा कर लिया था। उन्होंने अपने संगठन के तहत नि:शुल्क शिविर लगाने, खिलाड़ियों के लिए खेल किटों का प्रबंध करने और लोगों को तीर्थ यात्रा पर भेजने का कार्य शुरू किया। आचार संहिता के चलते देवेंद्र बबली को नोटिस जारी हो गया है।

ये है दलील

वहीं इस मामले पर देवेंद्र बबली का कहना है कि उनका संगठन 15 सालों से जरूरतमंदों के लिए कार्य कर रहा है। वो अभी तक किसी पार्टी से उम्मीदवार घोषित नहीं हुए हैं। जो भी कार्य किए जा रहे हैं, यह उनके संगठन के बैनर तले हो रहे हैं। इससे जरूरतमंदों का भला ही हो रहा है। जिसको लेकर किसी विपक्षी दल के नेता ने उनके खिलाफ यह बेबुनियाद शिकायत दर्ज कराई है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जेजेपी के टोहाना से विधायक देवेंद्र बबली ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए 1 अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 4 अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावों के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर और नामांकन पत्रों की जांच की अंतिम तिथि 13 सितंबर है। नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 सितंबर होगी।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article