शहर

Gurugram: अपना मोबाइल बचाने चोरों के पीछे दौड़ा युवक, बदमाशों ने ईंट से कुचला; मौत

Gurugram News: गुरुग्राम के नाथूपुर इलाके में मोबाइल स्नैचिंग का विरोध करने पर एक युवक की जान चली गई। बदमाशों ने मोबाइल छीनने के बाद पीछा करने पर युवक पर ईंट से जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने दो दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Image

गुरुग्राम के नाथुपुर में हुई वारदात (सांकेतिक चित्र: iStock)

Photo : iStock

Gurugram News: गुरुग्राम में मोबाइल फोन छीने जाने का विरोध करना एक युवक के लिए इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। नाथूपुर इलाके में तीन बदमाशों का पीछा करने के कारण 28 वर्षीय युवक को ईंट से इस कदर मारा कि दो दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चोरों का पीछा किया तो हुआ जानलेवा हमला

मृतक की पहचान बीरबल ओरांव के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले का रहने वाला था। वह डीएलएफ फेज-2 इलाके में हाउसकीपिंग का काम करता था और नाथूपुर में किराए के कमरे में रहता था। पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी की देर रात बीरबल नाथूपुर मंडी क्षेत्र में एक शराब की दुकान के पास खड़ा था, तभी तीन युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। बीरबल ने जब उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उस पर ईंट से हमला कर दिया और उसे गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।

हत्या का केस दर्ज

घायल अवस्था में बीरबल को एंबुलेंस से सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हालत नाजुक होने पर PGI रोहतक रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया। 16 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मृतक की बहन गुरुग्राम पहुंची और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद डीएलएफ फेज-3 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की संयुक्त टीम ने नाथूपुर बिहारी मंडी इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नरेश कुमार, राजू कुमार झा और विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल छीनने और युवक पर हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, नरेश कुमार के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले और असम में एनडीपीएस एक्ट का एक केस दर्ज है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें