शहर

Gurugram News: गुरुग्राम में सड़क पर गुंडागर्दी? कार ओवरटेक करने पर कैब पर हमला

Gurugram News: दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सेक्टर-21 में एक कैब के उसकी कार ओवरटेक करने पर एक शख्स इतना नाराज हुआ कि कैब के शीशे तोड दिए और ड्राइवर को भी बुरी तरह से धमकाने लगा। आखिर पुलिस थाने जाकर मामला सुलझा।

Image

गुरुग्राम में मामूली सी बात पर कैब में की तोड़फोड़

Gurugram News: दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े शहरों में लोग छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खोने लगे हैं। इसके पीछे शहरी जीवन में भागदौड़ और दबाव के कारण है या कोई वजह, यह नहीं पता। लेकिन इसका एक ताजा उदाहरण कल यानी मंगलवार रात गुरुग्राम में फिर देखने को मिला। यहां सिर्फ कार ओवरटेक करने पर एक शख्स ने कैब के शीशे तोड़ दिए और ड्राइवर को भी बुरी तरह से धमकाया।

मामला साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-21 स्थित राम चौक का है। रोडरेज (Gurugram Road Rage) की यह सनसनीखेज घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। ट्रैफिक के दौरान अर्टिगा कैब ड्राइवर राहुल ने आगे चल रही एक इलेक्ट्रिक गाड़ी (EV) को ओवरटेक कर लिया। आरोप है कि इस दौरान गाड़ी छूई तक नहीं थी, इसके बावजूद आगबबूला हुए ईवी सवार ने तेज रफ्तार में अपनी कार अर्टिगा के आगे अड़ाकर उसका रास्ता रोक दिया। इसके बाद उसने गाली-गलौज करते हुए बीच सड़क पर तांडव मचाना शुरू कर दिया।

सरेराह हुए इस ड्रामे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हाथ में डंडा/रॉड लेकर अर्टिगा के शीशों और खिड़कियों पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें तोड़ता दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, उसने खिड़की के अंदर रॉड डालकर ड्राइवर के सीने पर तान दिया और 'बाहर निकल, तुझे मैं बताऊंगा' कहते हुए बेरहमी से धमकाने लगा। बीच सड़क हुए इस हंगामे के चलते व्यस्त मार्ग पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी मच गई।

घबराए कैब ड्राइवर ने तुरंत फोन कर अपने मालिक, अशोक विहार निवासी चंद्रशेखर पांडे को सूचना दी। चंद्रशेखर अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे और ड्राइवर को आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। इसके बाद मामला उद्योग विहार थाने पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई, जहां हमलावर पक्ष ने कैब में हुई तोड़फोड़ के नुकसान की पूरी भरपाई करने की हामी भरी और आपसी रजामंदी से मामले में समझौता हो गया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article